दिल्ली में बर्ड फ्लू की आशंका से दहशत, संजय झील में बतखों की मौत, गाजीपुर मुर्गा मार्केट दस दिन के लिए बंद

राजधानी दिल्ली में बर्ड फ्लू की आशंका जताई जा रही है। उत्तरी दिल्ली के रोहिणी में कौओं के मरने के बाद अब पूर्वी दिल्ली के संजय झील में बतखों के मरने की घटना सामने आई है। इस बीच गाजीपुर मुर्गा मंडी को दस दिनों के लिए बंद कर दिया गया है।

फाइल फोटोः सोशल मीडिया
फाइल फोटोः सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

हरियाणा, मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, केरल और राजस्थान के बाद राजधानी दिल्ली में बर्ड फ्लू फैलने की आशंका है। दिल्ली में आधिकारिक तौर पर तो अब तक बर्ड फ्लू की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन बीते कुछ दिनों से दिल्ली में पक्षियों के लगातार मरने के मामलों ने अधिकारियों के कान खड़े कर दिए हैं। शनिवार को भी पूर्वी दिल्ली के संजय झील में 10 बतख और कुछ कौवे मृत पाए गए। मृत बतखों में से कुछ के सैंपल जांच के लिए लैब में भेजे गए हैं। इससे एक दिन पहले रोहिणी में कौवे मृत पाए गए थे। फिलहाल रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

इस बीच बर्ड फ्लू की आशंका को देखते हुए दिल्ली के गाजीपुर मुर्गा मार्केट को अगले दस दिन के लिए बंद कर दिया गया है। इसके साथ ही दिल्ली सरकार ने दिल्ली में जीवित पक्षियों के आयात पर भी पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया है। दिल्ली में अभी तक बर्ड फ्लू की पुष्टि तो नहीं हुई है, लेकिन दिल्ली के कई हिस्सों में बड़ी संख्या में पक्षी मरे हुए पाए गए हैं, जिसने चिंता बढ़ा दी है।

दिल्ली में बर्ड फ्लू की स्थिति पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा, "एहतियातन शनिवार से जीवित पक्षियों का दिल्ली में आयात बंद कर दिया गया है। शनिवार से ही गाजीपुर मुर्गा मार्केट भी दस दिन के लिए बंद कर दिया गया है। दिल्ली सरकार हर जरूरी कदम उठा रही है। घबराने की या चिंता की कोई बात नहीं है। स्थिति पर लगातार नजर है। अभी तक दिल्ली में एक भी कन्फर्म्ड केस नहीं पाया गया है।"

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा, "देश के अलग-अलग हिस्सों से बर्ड फ्लू की खबरें आ रही हैं, जिसके कारण चारों ओर चिंता बनी हुई है। अभी तक मध्य प्रदेश, हिमाचल, राजस्थान और केरल में बर्ड फ्लू की पुष्टि हो चुकी है। दिल्ली में अभी तक कोई भी कन्फर्म केस नहीं आया है। हालांकि दिल्ली सरकार ने 104 अलग-अलग सैंपल जांच के लिए जालंधर स्थित लैब भेजे हैं। मंगलवार तक इन सभी सैंपल के नतीजे आएंगे। इन नतीजों के आधार पर ही दिल्ली सरकार आगे की कार्रवाई करेगी।"

फिलहाल बर्ड फ्लू के प्रति सावधानी बरतते हुए दिल्ली सरकार ने प्रत्येक जिले के डीएम के अंतर्गत एक रैपिड रिस्पांस टीम बनाई है। वहीं पशु चिकित्सक दिल्ली के सभी पक्षी बाजारों, जलाशयों, वन जीव स्थानों पर जाकर जांच कर रहे हैं। विशेष रूप से गाजीपुर मुर्गा मार्केट, शक्ति स्थल झील, संजय झील, चिड़ियाघर, डीडीए पार्क पश्चिम विहार, डीडीए पार्क द्वारका और भलस्वा झील आदि क्षेत्रों में निगरानी रखी जा रही है। इसके साथ ही सरकार ने 24 घंटे की एक हेल्पलाइन सेवा भी शुरू की है। इस हेल्पलाइन का नंबर 23890318 है।

(आईएएनएस के इनपुट के साथ)

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia