संसद मार्चः CJP का दावा- सोनम वांगचुक की पत्नी से मारपीट की गई, दिल्ली पुलिस ने दावे को खारिज किया

कॉकरोच जनता पार्टी के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास ने ‘एक्स’ पर दावा किया कि 'चलो संसद' मार्च के दौरान पुलिसकर्मियों ने सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि एग्मो पर हमला किया और पुलिस जवानों ने गीतांजलि जी के बाल खींचे और उनके साथ मारपीट की।

संसद मार्चः CJP का दावा- सोनम वांगचुक की पत्नी से मारपीट की गई, दिल्ली पुलिस ने दावे को खारिज किया
i

पेपर लीक मामले में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर जारी 'कॉकरोच जनता पार्टी' (कॉजपा) के संसद मार्च के बीच संगठन ने दिल्ली पुलिस के जवानों पर सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि एग्मो पर हमला करने और उन्हें बाल पकड़कर घसीटने का आरोप लगाया। हालांकि दिल्ली पुलिस ने इस दावे को झूठा बताते हुए खारिज कर दिया।

कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास ने ‘एक्स’ पर दावा किया, "'चलो संसद' मार्च के दौरान पुलिसकर्मियों ने सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि एग्मो पर हमला किया और पुलिस जवानों ने गीतांजलि जी के बाल खींचे और उनके साथ मारपीट की। 12 वर्षीय एक लड़की के सिर पर चोट लगी और इसके अलावा 40-50 अन्य लोगों के सिर में भी चोटें आई हैं। पोस्ट में प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाया गया।


कॉजपा के इस दावे के बाद दिल्ली पुलिस ने स्पष्टीकरण जारी किया है। दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल उस पोस्ट को सोमवार को झूठा बताते हुए खारिज कर दिया, जिसमें आरोप लगाया गया था कि राष्ट्रीय राजधानी में 'चलो संसद' मार्च के दौरान पुलिसकर्मियों ने सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि एग्मो पर हमला किया और 12 वर्षीय एक लड़की सहित 40-50 प्रदर्शनकारियों को घायल कर दिया। पुलिस ने लोगों से भ्रामक जानकारी प्रसारित न करने का आग्रह किया है।

पुलिस ने ‘एक्स’ पर एक ‘फैक्ट-चेक’ जारी किया और आरोपों को खारिज कर दिया। उसने कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट में किए गए दावे गलत हैं, और लोगों से असत्यापित जानकारी साझा न करने की अपनी अपील दोहराई। इसमें कहा गया, "पोस्ट में प्रसारित किए जा रहे दावे सच नहीं हैं। कृपया गलत या भ्रामक जानकारी न फैलाएं और न ही बढ़ा-चढ़ाकर बताएं।"


गौरतलब है कि कॉकरोच जनता पार्टी' (कॉजपा) के संसद मार्च में शामिल होने के लिए हजारों प्रदर्शनकारी सोमवार को मध्य दिल्ली में एकत्र हुए और संसद की ओर मार्च करने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और लाठीचार्ज किया। भारी पुलिस बैरिकेडिंग, लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले दागे जाने के बावजूद प्रदर्शनकारी डटे रहे और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए नारे लगाए। प्रदर्शनकारी परीक्षा में गड़बड़ी को लेकर जवाबदेही और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए