संसद मार्च: 100 से ज्यादा प्रदर्शनकारी हिरासत में, पुलिस ने कहा- ये छात्र नहीं, पहचान सत्यापित कर होगी कार्रवाई
पुलिस ने कहा कि वे झड़प के पीछे के मकसद की जांच कर रहे हैं और ‘बाहरी पहलू’ की भी पड़ताल की जाएगी। पुलिस के मुताबिक, जांच तेज कर दी गई है और टीम हिंसा में शामिल लोगों की पहचान करने के लिए वीडियो फुटेज, सीसीटीवी रिकॉर्डिंग और अन्य सबूतों की छानबीन कर रही है।

कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) द्वारा सोमवार को आयोजित संसद मार्च के दौरान युवाओं पर लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले दागने के बाद दिल्ली पुलिस ने 100 से अधिक प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया है और उन्हें दिल्ली के विभिन्न थानों में रखा गया है। पुलिस ने कहा कि हिरासत में लिए गए लोग छात्र नहीं हैं और उनकी पहचान सत्यापित की जा रही है।

प्राथमिकी दर्ज होगी
दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि अशांति के सिलसिले में हिरासत में लिए गए लोग बिल्कुल भी छात्र नहीं हैं, और पुलिस उनके व्यक्तिगत विवरण का सत्यापन कर रही है।अधिकारी ने कहा कि दिल्ली पुलिस ने विरोध प्रदर्शन के दौरान झड़पों, पुलिस वाहनों को नुकसान पहुंचाने और सार्वजनिक संपत्ति को नष्ट करने के संबंध में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

‘बाहरी पहलू’ की भी पड़ताल की जाएगी
अधिकारी ने यह भी कहा कि वे झड़प के पीछे के मकसद की जांच कर रहे हैं और ‘बाहरी पहलू’ की भी पड़ताल की जाएगी। अधिकारी के मुताबिक, जांच तेज कर दी गई है और टीम हिंसा में शामिल लोगों की पहचान करने के लिए वीडियो फुटेज, सीसीटीवी रिकॉर्डिंग और अन्य सबूतों की छानबीन कर रही हैं। पुलिसकर्मियों पर हमला करने, पुलिस वाहनों और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के लिए जिम्मेदार पाए जाने वालों को सख्त कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।’’
इसे भी पढ़ेंः डरो मत: क्या सरकार इस बात से डरी हुई है कि लोग अब डरते नहीं हैं?

और लोगों की गिरफ्तारी हो सकती है
अधिकारी ने कहा कि जांच आगे बढ़ने पर और गिरफ्तारियां होने की संभावना है और तकनीकी एवं जमीनी जांच के माध्यम से अधिक संदिग्धों की पहचान की गई है। अधिकारी ने कहा कि पुलिस घटनाओं के क्रम को स्थापित करने और हिंसा में कथित तौर पर भाग लेने वालों की पहचान करने के लिए सोशल मीडिया पर आए वीडियो और अन्य डिजिटल सबूतों की भी जांच कर रही है।
इसे भी पढ़ेंः मोदी भारत के इतिहास के सबसे युवा-विरोधी प्रधानमंत्री, बच्चों को जवाब में मिली लाठी और हिरासत: राहुल गांधी

कई पुलिसकर्मी भी घायल
वहीं पुलिस अधिकारियों ने दावा किया प्रदर्शनकारियों और सुरक्षाकर्मियों के बीच हुई झड़प में 100 से अधिक पुलिसकर्मी एवं प्रदर्शनकारी घायल हो गए। घायल पुलिसकर्मियों और प्रदर्शनकारियों को इलाज के लिए अस्पतालों में भर्ती कराया गया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 5,000 से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।
इसे भी पढ़ेंः सोनम वांगचुक अनशन जारी रखेंगे, प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई का दिया हवाला

दिल्ली पुलिस ने उच्चस्तरीय बैठक की
इस बीच लुटियंस दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) द्वारा आयोजित संसद मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों और सुरक्षाकर्मियों के बीच झड़प के बाद दिल्ली पुलिस ने सोमवार को एक उच्चस्तरीय बैठक की। सूत्रों ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने कानून व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा करने और हिंसा की जांच पर चर्चा करने के लिए बैठक में भाग लिया। उन्होंने बताया कि बैठक में सुरक्षा व्यवस्था और घटनाओं के संबंध में आगे की कार्रवाई पर भी ध्यान केंद्रित किया गया।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
