संसद परिसर में छात्रों के समर्थन में विपक्ष का जोरदार प्रदर्शन, धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग
संसद परिसर में मल्लिकार्जुन खड़ग, प्रियंका गांधी समेत विपक्षी नेताओं ने छात्रों के समर्थन में प्रदर्शन किया और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और कई अन्य विपक्षी दलों के नेताओं ने आज प्रदर्शनकारी छात्रों के समर्थन और सरकार के विरोध में संसद परिसर में प्रदर्शन किया तथा शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की।
संसद के मकर द्वार के निकट आयोजित इस प्रदर्शन में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा, तृणमूल कांग्रेस की सांसद सागरिका घोष और कई अन्य दलों के नेता शामिल हुए।
उन्होंने ‘वी वांट जस्टिस’ (हमें न्याय चाहिए) के नारे लगाए।
कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि अगर प्रधानमंत्री मोदी कुछ कहना चाहते हैं, तो उन्हें सदन में आकर बोलना चाहिए। तभी हम उनकी बात को प्रामाणिक मानेंगे। आधी रात 12 बजे बयान देने के बजाय उन्हें दिन में संसद आकर अपनी बात रखनी चाहिए।"
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के सांसद जॉन ब्रिटास ने कहा, ‘‘विपक्ष की मांग बहुत स्पष्ट है। हम शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा चाहते हैं।’’
उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जवाबदेही की बात करते हैं, लेकिन उन्होंने एक व्यक्ति को उच्च शिक्षा सचिव बनाया है जिस पर घोटाले का आरोप है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
