पटना फायरिंग केस: खान सर की बढ़ेंगी मुश्किलें? आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज, पुलिस करेगी पूछताछ

मामले में यह सवाल उठ रहा है कि संस्थान के सुरक्षा गार्डों द्वारा फायरिंग कैसे की गई। इसी पहलू को लेकर पुलिस जांच कर रही है और खान सर से भी पूछताछ की जा सकती है।

फोटो: सोशल मीडिया
i
user

नवजीवन डेस्क

google_preferred_badge

बिहार में दो कोचिंग संस्थानों के बीच चल रहे विवाद के बीच चर्चित शिक्षक खान सर की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। पटना के कदमकुआं थाना क्षेत्र में उनके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। यह कार्रवाई उनके कोचिंग संस्थान खान ग्लोबल स्टडीज (केजीएस) में हुई तोड़फोड़, पथराव और कथित फायरिंग की घटना के बाद की गई है।

पुलिस के अनुसार, मामले में यह सवाल उठ रहा है कि संस्थान के सुरक्षा गार्डों द्वारा फायरिंग कैसे की गई। इसी पहलू को लेकर पुलिस जांच कर रही है और खान सर से भी पूछताछ की जा सकती है। इसके लिए एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया है।

मंगलवार देर रात हुई थी घटना

दरअसल, मंगलवार देर रात खान ग्लोबल स्टडीज परिसर में कुछ लोगों द्वारा कथित तौर पर तोड़फोड़ और पथराव किया गया था। घटना के बाद खान सर ने आरोप लगाया था कि पड़ोसी कोचिंग संस्थान से जुड़े लोगों ने फायरिंग की है। हालांकिा बाद में उन्होंने कहा कि फायरिंग हुई थी या नहीं, इसकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

दोनों गार्ड को पुलिस ने किया गिरफ्तार

जांच के दौरान सामने आए एक वीडियो में संस्थान के दो सुरक्षा गार्ड कथित रूप से हवाई फायरिंग करते दिखाई दिए। इसके बाद पुलिस ने दोनों गार्डों उत्तर प्रदेश के मैनपुरी निवासी प्रदीप कुमार और कासगंज निवासी कालेश्वर को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास मौजूद राइफल भी जब्त कर ली गई है।

पुलिस पूछताछ में दोनों गार्डों ने स्वीकार किया कि मारपीट, तोड़फोड़ और पथराव की घटना के दौरान आत्मरक्षा के लिए उन्होंने हवाई फायरिंग की थी। पुलिस ने जब्त हथियारों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है और दहशत फैलाने के आरोप में एक अलग एफआईआर भी दर्ज की गई है।

इस मामले में पुलिस ने खान ग्लोबल स्टडीज के निदेशक फैसल खान उर्फ खान सर से भी पूछताछ की है। वहीं, प्रतिद्वंद्वी कोचिंग संस्थान के निदेशक सहित तीन लोगों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia