बिहार: पटना के 2.18 लाख घरों को मिलेगा गंगाजल! 1,794 करोड़ की योजना मंजूर, जानें कब तक पहुंचेगा पानी

पटना के 2,18,585 घरों तक 2029 तक गंगाजल पहुंचाने की तैयारी है। 1,794 करोड़ की योजना में दो जलशोधन संयंत्र, 1,980 KM पाइपलाइन और 63 जलमीनारें शामिल हैं।

पटना के सभी 75 वार्डों के 2,18,585 घरों तक पहुंचेगा गंगाजल।
i
  • पटना के सभी 75 वार्डों के 2,18,585 घरों तक पहुंचेगा गंगाजल।

  • दानापुर और दीदारगंज में बनेंगे दो इंटेक वेल और दो जलशोधन संयंत्र।

  • 1,980 किलोमीटर पाइपलाइन बिछेगी और 63 जलमीनारें जलापूर्ति से जुड़ेंगी।

  • परियोजना को 2029 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

बिहार की राजधानी पटना के लाखों लोगों को आने वाले वर्षों में गंगा का शुद्ध पानी घरों तक मिलने का रास्ता साफ हो गया है। राज्य कैबिनेट ने पटना जलापूर्ति परियोजना के लिए 1,794.32 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है। इस योजना के तहत शहर के सभी 75 वार्डों के 2,18,585 घरों को पाइपलाइन के जरिए पेयजल उपलब्ध कराने का लक्ष्य है। केंद्र सरकार की अमृत 2.0 योजना के तहत इस परियोजना को स्वीकृति दी गई है। इसके लिए गंगा नदी से पानी लेकर उसे शुद्ध किया जाएगा और फिर पाइपलाइन के माध्यम से घरों तक पहुंचाया जाएगा।

बुधवार को राज्य कैबिनेट की पहली ई-कैबिनेट बैठक में इस प्रस्ताव समेत कई महत्वपूर्ण फैसलों पर मुहर लगी। कैबिनेट सचिवालय विभाग के अपर मुख्य सचिव अरविंद कुमार चौधरी ने बैठक के बाद फैसलों की जानकारी दी। पटना की जलापूर्ति परियोजना के अलावा बिहार म्यूजियम के सामने आइकॉनिक ट्रेड सेंटर बनाने, तीन जिलों में औद्योगिक इस्तेमाल के लिए जमीन अधिग्रहण और आर्थिक सलाहकार परिषद के गठन को भी मंजूरी दी गई।

1,980 KM पाइपलाइन, 63 जलमीनारें बनेंगी

पटना में गंगाजल पहुंचाने के लिए गंगा नदी में दो इंटेक वेल बनाए जाएंगे। इनमें एक दानापुर में परित्यक्त पीपा पुल के समीप और दूसरा दीदारगंज के पिरदमरिया घाट के पास बनाया जाएगा। इन इंटेक वेल के जरिए नदी से पानी लेकर जलशोधन संयंत्रों तक पहुंचाया जाएगा।

इसके लिए दानापुर के दियारा क्षेत्र में 355 MLD क्षमता का जलशोधन संयंत्र और सुकवारपुर में 350 MLD क्षमता का दूसरा संयंत्र स्थापित किया जाएगा। दोनों संयंत्रों की कुल क्षमता 705 MLD होगी। यहां पानी को शुद्ध करने के बाद पाइपलाइन नेटवर्क के जरिए शहर में पहुंचाया जाएगा।

परियोजना के तहत करीब 1,980 किलोमीटर लंबा जल वितरण नेटवर्क तैयार किया जाएगा। इसके अलावा कुल 63 जलमीनारों को जलापूर्ति व्यवस्था से जोड़ा जाएगा। इनमें 45 नई जलमीनारें बनाई जाएंगी, 13 अधूरी जलमीनारों का निर्माण पूरा किया जाएगा और पांच मौजूदा जलमीनारों को नई व्यवस्था से जोड़ा जाएगा। इस पूरी परियोजना को वर्ष 2029 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।


पटना में बनेगा आइकॉनिक ट्रेड सेंटर

कैबिनेट ने पटना में बिहार म्यूजियम के सामने आइकॉनिक ट्रेड सेंटर और उससे जुड़ी इमारतों के निर्माण को भी मंजूरी दी है। नेहरू पथ और मैंगल्स रोड पर प्रस्तावित इस परिसर में आइकॉनिक ट्रेड सेंटर के साथ एक व्यावसायिक भवन, कार्यालय और आवासीय भवन भी बनाए जाएंगे।

इस परियोजना के लिए भवन निर्माण विभाग और केंद्र सरकार की सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी नेशनल बिल्डिंग्स कंस्ट्रक्शन कॉरपोरेशन (NBCC) के बीच समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर करने की स्वीकृति दी गई है।

वहीं, राज्य में औद्योगिक विकास के लिए तीन जिलों में 1,294.37 एकड़ जमीन का अधिग्रहण किया जाएगा। इस पर कुल 706.51 करोड़ रुपये खर्च होंगे। नालंदा जिले के इस्लामपुर अंचल में 564.37 एकड़ जमीन के अधिग्रहण पर 382.23 करोड़ रुपये, समस्तीपुर जिले के खानपुर अंचल में 480 एकड़ जमीन पर 261.91 करोड़ रुपये और शेखपुरा जिले के चेवाड़ा अंचल में 250 एकड़ जमीन पर 62.37 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

आर्थिक सलाहकार परिषद का होगा गठन

बिहार कैबिनेट ने राज्य के आर्थिक मामलों में मुख्यमंत्री को सलाह देने के लिए बिहार आर्थिक सलाहकार परिषद (BEAC) के गठन को भी मंजूरी दी है। यह परिषद आर्थिक मामलों पर सुझाव देने के साथ सरकार को अपनी सिफारिशें भी देगी। इसमें अध्यक्ष समेत कुल पांच सदस्य होंगे। अध्यक्ष राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठित अर्थशास्त्री होंगे, जिनकी नियुक्ति राज्य सरकार करेगी। अन्य सदस्यों को अध्यक्ष की सिफारिश पर सरकार नामित करेगी। वित्त विभाग के सचिव (व्यय) परिषद के पदेन सचिव होंगे।

इसके अलावा पटना के लोदीपुर में स्पेशल टास्क फोर्स (STF) के राज्य मुख्यालय के लिए भवन निर्माण को मंजूरी दी गई है। कैबिनेट ने बिहार खनिज रियायत, अवैध खनन, परिवहन और भंडारण रोकथाम नियमों को भी स्वीकृति दी। नए प्रावधानों के तहत खनिजों की गुणवत्ता निर्धारित करने और नमूने लेने की प्रक्रिया तय की गई है। नमूनों के तीन हिस्से किए जाएंगे। एक हिस्सा राज्य प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा जाएगा, दूसरा खनिज रियायत धारक या पट्टाधारक को दिया जाएगा और तीसरा विभाग के पास सुरक्षित रखा जाएगा। पट्टाधारक की मृत्यु होने पर उत्तराधिकारी को लेकर कोई विवाद नहीं होने की स्थिति में संबंधित जिलाधिकारी कानूनी उत्तराधिकारी का फैसला करेंगे।

कैबिनेट ने चार से पांच साल तक ड्यूटी से अनुपस्थित रहने वाले सरकारी डॉक्टरों को बर्खास्त करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी है। वहीं, सोन नदी से औरंगाबाद, डेहरी और सासाराम में पेयजल पहुंचाने की परियोजना के संशोधित खर्च अनुमान को 2,014.66 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। जल संसाधन विभाग को इस परियोजना का काम 4 मार्च 2027 तक पूरा करना है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए