जीडीपी ग्रोथ के दावों पर पवन खेड़ा का सवाल, आम लोगों तक क्यों नहीं पहुंच रहा इसका फायदा?
पवन खेड़ा ने कहा कि जब नवंबर 2025 में आईएमएफ ने भारत के जीडीपी कैलकुलेशन के तरीके की आलोचना की, तो बीजेपी इकोसिस्टम ने इसे खारिज किया। अब जब उसी आईएमएफ ने भारत की जीडीपी ग्रोथ को सही ठहराया है, तो अचानक वह पूरे इकोसिस्टम के लिए किसी देवता जैसा बन गया है।

कांग्रेस के मीडिया विभाग के अध्यक्ष और सांसद पवन खेड़ा ने शुक्रवार को जीडीपी विकास दर पर मोदी सरकार और बीजेपी के दावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि अगर ग्रोथ इतनी शानदार है तो आम भारतीयों की रोजमर्रा की जिंदगी में यह क्यों नहीं दिखती? जब तक सरकार संतोषजनक जवाब नहीं देती, तब तक बाहर से मिली कोई भी तारीफ इन सवालों को खत्म नहीं कर सकती।
आईएमएफ को खारिज कर चुकी है बीजेपी
बीजेपी सांसद रवि शंकर प्रसाद के बयान पर पवन खेड़ा ने कहा कि जब नवंबर 2025 में आईएमएफ ने भारत की जीडीपी कैलकुलेशन के तरीके की आलोचना की, तो बीजेपी इकोसिस्टम ने इसे ऐसे खारिज कर दिया जैसे आईएमएफ ने यह बयान कांग्रेस पार्टी के कहने पर दिया हो। अब जब उसी आईएमएफ ने भारत की जीडीपी ग्रोथ को सही ठहराया है, तो अचानक वह पूरे इकोसिस्टम के लिए किसी देवता जैसा बन गया।
लोगों की जिंदगी में क्यों नहीं दिखता जीडीपी का असर
पवन खेड़ा ने कहा कि जब ऐसे लोग सत्ता में आते हैं जिन्हें अर्थशास्त्र या किसी भी चीज की बहुत कम समझ होती है, तो ऐसा ही होता है। वे उन संस्थाओं की बातों पर ही जीते-मरते हैं जिन्हें वे ठीक से समझते भी नहीं हैं। आईएमएफ की बात हो या न हो, हमारे सवाल तो वही हैं। अगर ग्रोथ इतनी शानदार है तो आम भारतीयों की रोजमर्रा की जिंदगी में यह क्यों नहीं दिखती? जब तक सरकार संतोषजनक जवाब नहीं देती, तब तक बाहर से मिली कोई भी तारीफ इन सवालों को खत्म नहीं कर सकती।
उत्तराखंड की जनता सरकार बदलने के मूड में
कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा ने आगामी उत्तराखंड विधानसभा चुनाव को लेकर दावा किया कि वहां की जनता सरकार बदलने के मूड में आ गई है। हम 2027 के उत्तराखंड विधानसभा चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार हैं। उत्तराखंड की जनता ने भी मन बना लिया है कि इस बार सरकार बदलनी है। हम उत्तराखंड की जनता और मतदाताओं की उम्मीदों और अपेक्षाओं पर खरे उतरेंगे।
ब्रिक्स के बाद पता चलेगा भारत को क्या मिला
ब्रिक्स समिट को लेकर पी. चिदंबरम के बयान पर कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा ने कहा कि हर किसी को अपनी राय रखने और उसे जाहिर करने का अधिकार है। उन्होंने कहा कि अभी यह सम्मेलन शुरू हुआ है। जब यह सम्मेलन समाप्त हो जाएगा, तब हमें भी पता चलेगा कि भारत को इससे क्या मिला। अभी कुछ भी कहना ठीक नहीं है।
सैलजा ने नितिन नवीन के बयान पर साधा निशाना
इसी बीच, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के राहुल गांधी को लेकर दिए विवादित बयान पर कांग्रेस सांसद कुमारी सैलजा ने कहा कि उनका क्या मतलब था, वे क्या दिखाना चाह रहे हैं। यही उनका असली चेहरा है। बीजेपी और संघ की हमेशा से यही नीति रही है या तो लोगों को धर्म के नाम पर बांटो या जाति के नाम पर लेकिन यह तरीका अब नहीं चलेगा। लोगों ने उन्हें देख लिया है और वहां असली मुद्दा बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार, युवाओं का पलायन और बढ़ता अपराध है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
