पेट्रोल-डीजल की कीमतों में फिर इजाफा, 5 दिन में दूसरी बार बढ़े दाम, जानें नए रेट
देश में एक बार फिर पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ गए हैं, वहीं सीएनजी की कीमतों में भी एक रुपये की बढ़ोतरी कर दी गई है।

देश की सरकारी तेल कंपनियों ने मंगलवार सुबह पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगभग 90 पैसे प्रति लीटर की और बढ़ोतरी कर दी है। डीज़ल की कीमतों में 91 पैसे प्रति लीटर और पेट्रोल की कीमतों में 87 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है।
दिल्ली में डीज़ल की कीमत बढ़कर 91.58 रुपये प्रति लीटर और पेट्रोल की कीमत बढ़कर 98.64 रुपये प्रति लीटर हो गई है।पिछले पांच दिन में दूसरी बार दाम बढ़े हैं। इससे पहले 15 मई को पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी हुई थी। दोनों ही ईंधनों की कीमतों में तीन रुपये प्रति लीटर का इजाफा हुआ था।
इस वृद्धि के बाद राष्ट्रीय राजधानी में पेट्रोल की कीमत 97.77 रुपये प्रति लीटर से बढ़कर 98.64 रुपये प्रति लीटर जबकि डीजल की कीमत अब 90.67 रुपये प्रति लीटर के मुकाबले 91.58 रुपये प्रति लीटर हो गयी है। इससे पहले, शुक्रवार को पेट्रोल और डीजल के दाम तीन रुपये प्रति लीटर बढ़ाये गये थे।
कहां कितने का मिल रहा पेट्रो-डीजल
दिल्ली में पेट्रोल की कीमत अब 87 पैसे बढ़कर 98.64 रुपये प्रति लीटर जबकि डीजल की कीमत 91 पैसे बढ़कर 91.58 रुपये प्रति लीटर हो गयी है।
मुंबई में पेट्रोल की कीमत 91 पैसे बढ़कर 107.59 रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमत 94 पैसे बढ़कर 94.08 रुपये प्रति लीटर हो गयी है।
कोलकाता में पेट्रोल की कीमत सबसे अधिक 96 पैसे बढ़कर 109.70 रुपये प्रति लीटर हो गयी। वहीं डीजल की कीमत 94 पैसे बढ़कर 96.07 रुपये प्रति लीटर हो गयी है।
चेन्नई में पेट्रोल की कीमत 82 पैसे बढ़कर 104.49 रुपये प्रति लीटर जबकि डीजल की कीमत 86 पैसे बढ़कर 96.11 रुपये प्रति लीटर हो गयी है।
CNG की कीमतों में 1 रुपये की बढ़ोतरी
कुछ दिन पहले सीएनजी की कीमतों में भी इजाफा किया गया था। दिल्ली-एनसीआर में सीएनजी के दाम 1 रुपए प्रति किलोग्राम बढ़ गए। दिल्ली में कीमत पहली बार 80 रुपये के पार गई। 15 मई को सीएनजी के दाम में 2 रुपए की बढ़ोतरी की गई थी। इसके बाद दिल्ली में सीएनजी के दाम 80.09 रुपये प्रति किलो जबकि नोएडा में सीएनजी की कीमतें 88.70 रुपये पहुंच गईं।
Google न्यूज़, व्हाट्सएप, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
