पेट्रोल-डीजल की किल्लत की अफवाहों से एमपी-गुजरात में हड़कंप, पंपों पर लंबी कतारें
पेट्रोल-डीजल की कमी की अफवाह से एमपी और गुजरात में पंपों पर लंबी कतारें लग गईं, जबकि प्रशासन ने साफ किया कि ईंधन की कोई कमी नहीं है और लोगों से अफवाहों से बचने की अपील की है।

मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के बाधित होने की खबरों के बीच सोशल मीडिया पर पेट्रोल-डीजल की कमी को लेकर फैली अफवाहों ने मध्य प्रदेश और गुजरात में अफरा-तफरी मचा दी। इंदौर, आगर मालवा, मंदसौर, नीमच के साथ गुजरात के अहमदाबाद, वडोदरा, गांधीनगर, सूरत और राजकोट में मंगलवार से पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें लग गईं। लोग ड्रम, केन, बोतल और कुप्पियों में ईंधन भरते नजर आए, जिससे कई पंपों पर स्टॉक खत्म होने के बाद उन्हें बंद करना पड़ा।
इंदौर में हालात बिगड़े, प्रशासन ने दी सफाई
इंदौर में करीब तीन दर्जन से अधिक पेट्रोल पंपों पर सुबह से ही भारी भीड़ देखी गई। वाहन चालकों को घंटों इंतजार करना पड़ा और कई जगह पंप कर्मचारियों व ग्राहकों के बीच बहस भी हुई। पेट्रोल खत्म होने पर कुछ पंपों ने बोर्ड लगाकर सप्लाई बंद कर दी। पंप संचालकों ने बताया कि टैंकर आने के बाद सप्लाई सामान्य हो जाएगी।
जिला आपूर्ति नियंत्रक एम.एल. मारू ने स्पष्ट किया कि जिले में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कोई कमी नहीं है और डिपो से लगातार आपूर्ति हो रही है। इंदौर कलेक्टर ने भी लोगों से पैनिक बायिंग से बचने की अपील की।
आगर मालवा से मंदसौर-नीमच तक असर
आगर मालवा में दोपहर बाद से पेट्रोल पंपों पर भारी भीड़ उमड़ी। किसान ट्रैक्टरों पर ड्रम और केन लेकर पहुंचे, जबकि मोटरसाइकिल, कार और एम्बुलेंस तक कतार में दिखीं। ‘पंप बंद होने वाले हैं’ जैसी अफवाहों ने पूरे जिले में डर फैला दिया।
मंदसौर और नीमच में भी सैकड़ों लोग जरूरत से ज्यादा ईंधन भरवाने पहुंचे, जिससे कई पंपों पर स्टॉक खत्म हो गया। स्कूल ऑटो, दूध वाहन और किसान डीजल जमा करने लगे। कुछ पंपों ने पेट्रोल खत्म होने के बाद डिस्प्ले तक ढक दिया, ताकि भीड़ न बढ़े।
गुजरात में भी फैली अफवाह, देर रात तक अफरातफरी
गुजरात में अहमदाबाद से शुरू हुई अफवाह शाम तक वडोदरा, गांधीनगर, सूरत और राजकोट तक फैल गई। ऑफिस टाइम के बाद लोग सीधे पंपों पर पहुंचे, जिससे देर रात तक भीड़ बनी रही। सरकारी और तेल कंपनियों के आश्वासन के बावजूद सोशल मीडिया संदेशों ने लोगों में डर पैदा कर दिया। कई लोगों ने बताया कि उन्होंने सिर्फ एहतियात के तौर पर ईंधन भरवाया।
प्रशासन सख्त, अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई
राजकोट में पेट्रोल डीलर एसोसिएशन के अध्यक्ष गोपाल चुडासमा के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज की गई है। इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL) के सेल्स हेड अमित जायसवाल ने आरोप लगाया कि चुडासमा के झूठे बयान से जनता में दहशत फैली और कानून-व्यवस्था प्रभावित हुई।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ईंधन की कोई कमी नहीं है और अफवाह फैलाने या कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। राज्य सरकार के शीर्ष नेतृत्व ने भी लोगों से अफवाहों से दूर रहने और घबराहट में खरीदारी न करने की अपील की है।
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia