देश को दहलाने की साजिश नाकाम, ISI से जुड़े चार आतंकी गिरफ्तार, दिल्ली भी थी निशाने पर, पुलिस ने किए कई बड़े खुलासे
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शुभदीप सिंह, गुरजंट सिंह, साजन सिंह और गगनप्रीत के रूप में हुई है। पुलिस का दावा है कि ये सभी आईएसआई हैंडलर शाहजाद भट्टी और उसके सहयोगियों के निर्देश पर काम कर रहे थे।

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से जुड़े एक अंतरराज्यीय आतंकी और हथियार तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें तीन आरोपी पंजाब और एक दिल्ली का रहने वाला है। जांच एजेंसियों के अनुसार, ये सभी दिल्ली में आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने की साजिश रच रहे थे।
4 लोग हुए गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शुभदीप सिंह, गुरजंट सिंह, साजन सिंह और गगनप्रीत के रूप में हुई है। पुलिस का दावा है कि ये सभी आईएसआई हैंडलर शाहजाद भट्टी और उसके सहयोगियों के निर्देश पर काम कर रहे थे। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी अपनी पहचान छिपाने के लिए विदेशी मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल कर रहे थे, जो उन्हें पाकिस्तान स्थित हैंडलरों द्वारा उपलब्ध कराए गए थे।
स्पेशल सेल ने आरोपियों के कब्जे से दो विदेशी पिस्तौल, नौ जिंदा कारतूस और पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं। जांच में पता चला कि गगनप्रीत को दिल्ली में पुलिस प्रतिष्ठानों और धार्मिक स्थलों की रेकी करने की जिम्मेदारी दी गई थी। इसके अलावा उसे राजधानी में गोलीबारी की एक वारदात को अंजाम देने के निर्देश भी मिले थे।
पुलिस को कैसे मिला इनपुट
पुलिस के मुताबिक, पाकिस्तान में बैठे आईएसआई हैंडलर शाहजाद भट्टी द्वारा दिल्ली-एनसीआर में आतंकी हमले की साजिश रचे जाने की विश्वसनीय खुफिया सूचना मिली थी। इनपुट में यह भी बताया गया था कि पंजाब के युवाओं को इस नेटवर्क से जोड़कर उन्हें आतंकी गतिविधियों के लिए तैयार किया जा रहा है। इसके बाद तकनीकी निगरानी और खुफिया जानकारी के आधार पर दिल्ली और पंजाब में एक साथ कई स्थानों पर छापेमारी की गई।
इस अभियान के दौरान सबसे पहले अमृतसर से शुभदीप सिंह को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से एक पिस्तौल, पांच कारतूस और दो मोबाइल फोन बरामद हुए। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि हथियार और नशीले पदार्थ ड्रोन के माध्यम से सीमा पार से पहुंचाए जाते थे।
इसके बाद शुभदीप की निशानदेही पर उसके दो साथी गुरजंट सिंह और साजन सिंह को भी पंजाब से गिरफ्तार किया गया। उनके पास से एक जिगाना पिस्तौल, चार जिंदा कारतूस और दो मोबाइल फोन बरामद हुए। जांच आगे बढ़ने पर 24 अप्रैल 2026 को गगनप्रीत को दिल्ली से गिरफ्तार किया गया। उसके मोबाइल फोन की जांच में कई आपत्तिजनक डिजिटल सबूत मिले। पुलिस के अनुसार, पाकिस्तानी हैंडलरों ने उसे दिल्ली में पुलिस थानों, पिकेटों और अन्य संवेदनशील स्थानों की वीडियो रिकॉर्डिंग करने का जिम्मा सौंपा था।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
