पीएम मोदी ने ‘भैंस चुराने’ का आरोप लगाया था, लेकिन उन्होंने वोट ही चुरा लिए: प्रियंका गांधी

प्रियंका गांधी ने यह दावा भी किया कि जनता का विश्वास खो चुकी बीजेपी देश भर में ‘वोट चोरी’ की साजिशें रच रही है। उन्होंने यह भी कहा कि गरीब जनता का एक भी वोट चोरी नहीं होने दिया जाएगा।

पीएम मोदी ने ‘भैंस चुराने’ का आरोप लगाया था, लेकिन उन्होंने वोट ही चुरा लिए: प्रियंका गांधी
i
user

नवजीवन डेस्क

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की बिहार में जारी ‘वोटर अधिकार यात्रा’ में मंगलवार को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी भी शामिल हुईं। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने लोकसभा चुनाव में मुख्य विपक्षी दल पर ‘भैंस चुराने’ का आरोप लगाया था, लेकिन अब उन्होंने तो लोगों के वोट ही चुरा लिए। उन्होंने यह दावा भी किया कि जनता का विश्वास खो चुकी बीजेपी देश भर में ‘वोट चोरी’ की साजिशें रच रही है। उन्होंने यह भी कहा कि गरीब जनता का एक भी वोट चोरी नहीं होने दिया जाएगा।

केरल के वायनाड से लोकसभा सदस्य प्रियंका गांधी सुपौल से ‘वोटर अधिकार यात्रा’ में शामिल हुईं। प्रियंका गांधी अपने भाई राहुल गांधी, तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी, राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के नेता तेजस्वी यादव और विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन के कुछ अन्य नेताओं के साथ एक खुली एसयूवी में सवार होकर यात्रा में शामिल हुईं। कई स्थानों पर लोग यात्रा का स्वागत करने के लिए कतारबद्ध खड़े थे। राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अन्य नेताओं ने हाथ हिलाकर उत्साही भीड़ का अभिवादन किया।


प्रियंका गांधी ने मधुबनी में एक सभा को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘मोदी जी ने लोकसभा चुनाव के समय कहा था कि कांग्रेस वाले भैंस चुरा लेंगे...भैंस तो छोड़ो, उन्होंने आपके वोट चुरा लिए।’’ उन्होंने कहा कि वोट लोकतंत्र का सबसे कीमती अधिकार है। उन्होंने कहा, ‘‘आपके साथ हर स्तर पर चोरी हो रही है। अगर वोट चोरी हो गया तो आपकी पहचान नहीं रह जाएगी। यह आपकी नागरिकता का आधार है। आप सावधान हो जाइए। अपने अधिकार की चोरी मत होने दीजिए।’’ उन्होंने सभा में ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ का नारा भी लगाया।

प्रियंका गांधी ने मोदी सरकार पर लोगों के रोजगार चोरी करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि वोट भारत के लोकतंत्र का आधार है, आपका सबसे कीमती अधिकार है। मोदी सरकार ने आपके रोजगार चुराए, आपके PSUs चुराए, आपसे हर स्तर पर चोरी की लेकिन आप इन्हें अपना वोट चुराने मत दीजिएगा।


इससे पहले, प्रियंका गांधी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘जनता का विश्वास खो चुकी भाजपा देश भर में वोट चोरी की साजिशें रच रही है। बिहार में महंगाई, बेरोजगारी, पलायन, आर्थिक संकट समेत हर मोर्चे पर नाकाम बीजेपी-जेडीयू सरकार जनता का वोट चुरा कर सत्ता में बने रहना चाहती है। लाखों गरीब और वंचित नागरिकों से वोट का अधिकार छीना जा रहा है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘संविधान ने हर एक भारतीय को वोट का अधिकार दिया है। यह अधिकार कोई भी ताकत छीन नहीं सकती। गरीब जनता का एक भी वोट चोरी नहीं होने देंगे। जय संविधान।’’

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia