'प्रधानमंत्री मोदी में दूरदर्शिता की कमी', कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने महंगाई के मुद्दे पर PM को घेरा
खड़गे ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘अगर प्रधानमंत्री मोदी चुनाव से पहले पेट्रोल-डीजल समेत बाक़ी चीजों की कीमतें बढ़ा देते तो उन्हें बड़ा नुकसान होता। मोदी सरकार ने चुनाव तक सभी बातों को देश से छिपाकर रखा, लेकिन जब चुनाव ख़त्म हो गए तो सभी चीजों की क़ीमतें बढ़ गईं।’’

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोमवार को महंगाई को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि सरकार तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी में दूरदर्शिता का अभाव है।
उन्होंने यह भी कहा कि यदि हालिया विधानसभा चुनावों से पहले पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी होती तो बीजेपी को इसका नुकसान होता।
खड़गे ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘अगर प्रधानमंत्री मोदी चुनाव से पहले पेट्रोल-डीजल समेत बाक़ी चीजों की कीमतें बढ़ा देते तो उन्हें बड़ा नुकसान होता। मोदी सरकार ने चुनाव तक सभी बातों को देश से छिपाकर रखा, लेकिन जब चुनाव ख़त्म हो गए तो सभी चीजों की क़ीमतें बढ़ गईं।’’
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार और प्रधानमंत्री मोदी में दूरदर्शिता में कमी है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ‘‘हम इस मुद्दे को उठाएंगे, क्योंकि बीजेपी सरकार की वजह से लगातार महंगाई बढ़ रही है। देश के गरीबों को वह जरूरी चीजें भी नहीं मिल पा रही हैं, जिनके वे हकदार हैं।’’
पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने के साथ ही महंगाई की एंट्री होने वाली है। तेल महंगा होने से साफ है कि माल ढुलाई के दामों में भी बढ़ोतरी होगी और इससे सब्जी, दाल-चावल और रसोई में इस्तेमाल होने वाली लगभग हर चीज महंगी होगी। ऐसे में रसोई का बजट बिगड़ना तय है। हालांकि विशेषज्ञों का मानना है कि महंगाई अचानक नहीं आएगी, लेकिन जैसे-जैसे परिवहन महंगा होगा वैसे ही दामों में बढ़ोतरी होना शुरू हो जाएगी।
पीटीआई के इनपुट के साथ