यूपी के पूर्व सीएम कल्याण सिंह को लखनऊ में पीएम मोदी ने दी श्रद्धांजलि, कहा- एक सामर्थ्यवान नेता खो दिया

बीजेपी के संस्थापक सदस्यों में से एक कल्याण सिंह का शनिवार को लखनऊ के संजय गांधी पीजीआइ अस्पताल में निधन हो गया। उनकी पार्थिव देह को रात से ही उनके पौत्र और योगी आदित्यनाथ सरकार में मंत्री संदीप सिंह के सरकारी आवास पर रखा गया है।

फोटो: IANS
फोटो: IANS
user

नवजीवन डेस्क

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह को लखनऊ में उनके आवास पर पहुंच कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत कल्याण सिंह के परिवार के लोगों से भी भेंट कर शोक संवेदना व्यक्त की। कल्याण सिंह के आवास पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ इस दौरान उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल तथा भाजपा के राष्ट्रीय जेपी नड्डा भी थे।

बीजेपी के संस्थापक सदस्यों में से एक कल्याण सिंह का शनिवार को लखनऊ के संजय गांधी पीजीआइ अस्पताल में निधन हो गया। उनकी पार्थिव देह को रात से ही उनके पौत्र और योगी आदित्यनाथ सरकार में मंत्री संदीप सिंह के सरकारी आवास पर रखा गया है। उनके अंतिम दर्शन के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी लखनऊ पहुंचे हैं।


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा एयरपोर्ट से सीधे कल्याण सिंह के मॉल एवेन्यू आवास पर पहुंचे। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री के पार्थिव शरीर का अंतिम दर्शन कर पुष्प चक्र अर्पित किया। पीएम मोदी ने कहा, “एक सामर्थ्यवान नेता खोया है। मैं भगवान प्रभु श्री राम के चरणों में प्रार्थना करता हूं कि प्रभु राम कल्याण सिंह जी को अपने चरणों में स्थान दें। प्रभु राम उनके परिवार को इस दुख की घड़ी में इस दुख को सहन करने की शक्ति दे।”

इससे पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी नई दिल्ली से लखनऊ आकर पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी के दिग्गज नेता कल्याण सिंह की पार्थिव देह का दर्शन करने उनके आवास पर पहुंचे। प्रधानमंत्री मोदी के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री डा. दिनेश शर्मा, भाजपा उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह तथा पूर्व राज्यसभा सदस्य कुसुम राय भी थीं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी विशेष विमान से लखनऊ के चौधरी चरण सिंह इंटरनेशल एयरपोर्ट, अमौसी पर उतरे। वहां पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा तथा भाजपा उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने उनकी अगवानी की।


प्रधानमंत्री मोदी विशेष विमान से लखनऊ पहुंचें। इसे देखते हुए पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के आवास की सुरक्षा व्यवस्था काफी कड़ी कर दी गई है। चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वर्गीय कल्याण सिंह की पार्थिव देह के अंतिम दर्शन के लिए आगमन की सूचना पर मंत्री संदीप सिंह के आवास पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। इस दौरान बीजेपी कार्यकतार्ओं और पदाधिकारियों को आवास से कुछ दूरी पर ही रोक दिया गया है। अब उनके आवास पर प्रवेश को प्रतिबंधित किया गया था।

गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह का शनिवार को लखनऊ के संजय गांधी पोस्टग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (एसजीपीजीआई) में निधन हो गया। वो बीते चार जुलाई से अस्पताल में भर्ती थे। डॉक्टरों ने बताया कि सेप्सिस और मल्टी ऑर्गन फेल्योर के कारण उनका निधन हुआ है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia


Published: 22 Aug 2021, 12:42 PM
/* */