झारखंड में योग दिवस पर स्कूली बच्चों को रात भर जगाकर सुबह-सवेरे पीएम मोदी करेंगे योगासन

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर 21 जून को पीएम नरेंद्र मोदी हजारों लोगों के साथ रांची में योग करेंगे। इस कार्यक्रम में राज्य के 4000 स्कूली बच्चों को भी शामिल होने का फरमान मिला है, जिन्हें आधी रात को ही जागकर 2 बजे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचना होगा।

फोटोः सोशल मीडिया
फोटोः सोशल मीडिया
user

रवि प्रकाश

20 जून की आधी रात जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गहरी नींद में होंगे, झारखंड के हजारों स्कूली बच्चों को अपनी नींद तोड़नी होगी। उन्हें आधी रात बाद जग जाना होगा। ताकि, वे प्रधानमंत्री के साथ रांची में योग कर सकें। राज्य के विभिन्न स्कूलों में पढ़ने वाले 10 वीं से 12 वीं कक्षाओं के करीब 4000 बच्चे इस कार्यक्रम में भाग लेंगे।

इन बच्चों को रात 2 बजे तक रांची के प्रभात तारा मैदान पहुंचना होगा, जहां उनका रजिस्ट्रेशन होगा और उन्हें फोटो युक्त पहचान पत्र मिलेंगे, जिनपर क्यूआर कोर्ड होगा। उसके मिलान और विभिन्न सुरक्षा जांच से गुजरने के बाद अलसुबह तीन बजे से उन्हें सुरक्षित घेरे में प्रवेश दिया जाएगा। यह एंट्री पांच बजे बंद कर दी जाएगी। इसके लिए प्रशासनिक तैयारियां की जा रही हैं।

उल्लेखनीय है कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर 21 जून की सुबह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रांची में होंगे। वे यहां आयोजित योग दिवस समारोह में झारखंड के करीब 35 हजार आम लोगों के साथ योग करेंगे। इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए वे 20 जून की शाम रांची आ जाएंगे। राजभवन में उनका रात्रि विश्राम होगा। 21 जून की सुबह पौने छह बजे वे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेंगे। कार्यक्रम सुबह 6 बजे से 7.30 बजे तक चलेगा।

हालांकि, यह प्रधानमंत्री का पूर्व प्रस्तावित कार्यक्रम है। झारखंड के अधिकारी इसी टाइम स्लाट को आधार मानकर अपनी तैयारियां कर रहे हैं। उनके कार्यक्रम का फाइनल शिड्यूल आना अभी बाकी है। अब अगर इस शिड्यूल को आधार मान लें, तो जो स्कूली बच्चे आधी रात बाद दो बजे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेंगे, उनकी छुट्टी कम से कम पांच घंटे बाद होगी। इसके लिए रांची के बाहरी क्षेत्रों में स्थित स्कूलों के छात्र-छात्राओं को भी बुलाया जा रहा है।


रांची के अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी (एडीपीओ) कौशल कुमार ने बताया कि लगभग दो हजार बच्चों की पहचान कर उनके रजिस्ट्रेशन का काम शुरु कर दिया गया है। बाकी के 2000 बच्चों के लिए विभिन्न स्कूलों के साथ बातचीत चल रही है। अभी तक 19 सरकारी और निजी स्कूलों ने कार्यक्रम में भागीदारी की सहमति दे दी है। उन्होंने बताया कि रांची से बाहरी इलाकों के स्कूलों के बच्चों को एक दिन पहले ही रांची बुला लिया जाएगा। यहां उनके रहने-खाने का इंतजाम होगा ताकि वे कार्यक्रम स्थल पर समय से (सुबह तीन बजे से पहले) पहुंच सकें।

इस बाबत रांची के जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) रजनीकांत वर्मा की अध्यक्षता में विभिन्न स्कूलों के प्रतिनिधियों की एक बैठक भी हुई। इसमें डीईओ ने कहा कि बच्चों को कार्यक्रम स्थल पर समय से पहुंचाने की जिम्मेवारी स्कूल प्रबंधन की होगी। इससे पहले वे अपने छात्रों को योग का प्रशिक्षण देंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि कोई बीमार बच्चा कार्यक्रम में शामिल नहीं हो। मीटिंग के दौरान डीईओ ने यह भी कहा कि बच्चों को रात एक बजे से ही प्रभात तारा मैदान पहुंचाने की व्यवस्था की जाए ताकि उनकी विधिवत जांच के बाद सुबह तीन बजे से उन्हें मैदान में प्रवेश मिल सके।

हालांकि, इस बारे में पूछे गए एक सवाल पर डीईओ रजनीकांत वर्मा ने कहा कि पहुंचने के समय को लेकर अभी असमंजस की स्थिति है। इसकी सटीक जानकारी उपायुक्त कार्यालय से ही मिल पाएगी। लेकिन, उन्होंने यह स्वीकार किया कि मैदान में सुबह तीन बजे से ही बच्चों के प्रवेश की प्रक्रिया शुरु हो जाएगी।

डीईओ की मीटिंग में मौजूद एक स्कूल के प्रतिनिधि ने पहचान गोपनीय रखने की शर्त पर बताया कि उतनी रात में बच्चों को जगाना और उन्हें कार्यक्रम स्थल पर पहुंचाना आसान नहीं है। यह अमानवीय भी है। इस कारण कई स्कूलों ने इसका विरोध भी किया है। बेहतर होता कि हमें अपने स्कूलों में सुबह योग कराने की परमिशन मिलती और हम बच्चों को स्कूल की टाइमिंग के मुताबिक बुलाते और योग कराते।


इस बीच झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के प्रोजेक्ट डायरेक्टर उमाशंकर सिंह ने राज्य भर के स्कूलो में सुबह सात बजे से योग कराने के निर्देश जारी किए हैं। स्कूलों को इस आयोजन की तस्वीरें अपने जिले के डीईओ दफ्तर में जमा कराने का आदेश दिया गया है।

इस बीच मुख्य सचिव डी के तिवारी की अध्यक्षता में भी उच्चाधिकारियों की एक बैठक हुई, जिसमें बताया गया कि प्रधानमंत्री के साथ योग के लिए रजिस्ट्रेशन कराने वाले आम लोगों को भी सुबह तीन बजे से ही एंट्री मिलेगी और पांच बजे यह एंट्री बंद कर दी जाएगी। जबकि वीआइपीज के लिए एंट्री गेट सुबह 6 बजे तक खुला रहेगा। प्रधानमंत्री भी उसी समय कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेंगे। कार्यक्रम की समाप्ति के बाद प्रतिभागियों के बीच नाश्ते के पैकेट का भी वितरण किया जाएगा। कार्यक्रम को देखते हुए रांची के विभिन्न रुटों पर सुबह स्पेशल बसें चलायी जाएंगी। ताकि, लोगों को परेशानी नहीं हो।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia