देशभर में होली की धूम, पीएम मोदी और राष्ट्रपति ने दी देशवासियों को होली की बधाई

पूरे देश में होली का त्योहार धूमधाम से मनाया जा रहा है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने देशवासियों को होली की शुभकामनाएं दी हैं।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

देशभर में होली का त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। रंगों में सराबोर लोग एक दूसरे को गले लगाकर होली की बधाई दे रहे हैं। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को होली की शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने ट्वीट कर लिखा, “होली के पावन पर्व की सभी देशवासियों को ढेरों शुभकामनाएं।”

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने भी देशवासियों को होली की शुभकामनाएं दी हैं। देशवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्रपति ने ट्वीट किया, “होली के पावन अवसर पर सभी देशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं। रंगों का यह त्योहार हमारे समाज में आपसी सौहार्द का जश्न है। मेरी कामना है कि हर एक के जीवन में यह पर्व शांति, सुख और समृद्धि लाए।”

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने देशवासियों को होली की शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने ट्वीट कर लिखा। “मेरी नानी 93 साल की हैं। वह दुनिया में सबसे दयालु महिला हैं। इस बार होली की छुट्टी उनके साथ बिताकर मैं उन्हें ‘सरप्राइज’ देना चाहता हूं। मैं उनका आशीर्वाद लेने के लिए अब इंतजार नहीं कर सकता।” उन्होंने आगे ट्वीट किया, “आप सभी को होली की शुभकामनाएं। सभी आनंद से उत्सव मनाएं।”

वहीं लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने होली के पावन अवसर पर देशवासियों को बधाई दी। सुमित्रा महाजन ने अपने संदेश में कहा, ‘‘होली के उल्लासपूर्ण अवसर पर मैं अपने सभी भाइयों और बहनों को शुभकामनाएं देती हूं। होली का रंगों से भरा जीवंत त्योहार सभी को सामाजिक सौहार्द, एकता और आपसी भाईचारे का संदेश देता है।’’

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia


Published: 02 Mar 2018, 11:07 AM