जयपुर में कांग्रेस की ‘हिसाब मांगो रैली’ पर पुलिस ने की पानी की बौछार, महिला कार्यकर्ता हुई बेहोश

कांग्रेस ने जयपुर में घर-घर कचरा उठाने में अनियमितताओं, खराब सफाई व्यवस्था, जलभराव, सीवर लाइनें जाम होने, क्षतिग्रस्त सड़कों और खराब पड़ी स्ट्रीट लाइट और अन्य समस्याओं को लेकर टोंक रोड पर नेहरू पैलेस से नगर निगम मुख्यालय तक ‘हिसाब मांगो रैली’ निकाली।

जयपुर में कांग्रेस की ‘हिसाब मांगो रैली’ पर पुलिस ने की पानी की बौछार, महिला कार्यकर्ता हुई बेहोश
i

राजस्थान की राजधानी जयपुर में सोमवार को कांग्रेस ने हिसाब दो रैली के जरिये नगर निगम के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को नगर निगम मुख्यालय की ओर बढ़ने से रोकने के लिए पुलिस ने जमकर पानी की बौछार की जिससे एक महिला कार्यकर्ता बेहोश हो गई।

कांग्रेस ने टोंक रोड पर नेहरू पैलेस से नगर निगम मुख्यालय तक ‘हिसाब मांगो रैली’ निकाली। पार्टी ने जयपुर में घर-घर कचरा संग्रहण में अनियमितताओं और खराब सफाई व्यवस्था, जलभराव, सीवर लाइनें जाम होने, क्षतिग्रस्त सड़कों और खराब पड़ी ‘स्ट्रीट लाइट’ और अन्य नागरिक समस्याओं को लेकर यह प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारियों के नगर निगम मुख्यालय पहुंचने से पहले ही पुलिस ने बैरिकेड लगाकर उनका रास्ता रोक दिया। कुछ प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड पार करने का प्रयास किया, इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की हुई। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए पानी की बौछार की।


प्रदर्शन के दौरान राजस्थान के पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास बैरिकेड पर चढ़ गए और जयपुर की बदहाल नागरिक व्यवस्थाओं को लेकर बीजेपी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र में भी सड़कों की मरम्मत नहीं हुई है और हाल में हुई बारिश के बाद शहर की स्थिति और खराब हो गई है।

इसे भी पढ़ेंः संसद परिसर में विपक्षी सांसदों का प्रदर्शन, 'चढ़ावा चोरी' और छात्रों पर कार्रवाई को लेकर अमित शाह से मांगा जवाब

खाचरियावास ने चेतावनी दी कि यदि शहर की सफाई और जलभराव की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तो कांग्रेस अपना आंदोलन और तेज करेगी। उन्होंने कहा, ‘‘पुलिस तैनात की जा सकती है और बैरिकेड लगाए जा सकते हैं, लेकिन जनता की आवाज को दबाया नहीं जा सकता।’’ उन्होंने कहा कि लोगों के अधिकारों की लड़ाई सड़क से लेकर विधानसभा तक जारी रहेगी। प्रदर्शन में पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे।

इसे भी पढ़ेंः JPSC परीक्षा गड़बड़ी मामले में बड़ा एक्शन, पूर्व चेयरमैन एल खांग्याते को CID ने किया गिरफ्तार