बंगाल से असम तक सियासी मुकाबला..., 4 राज्यों की 6 सीटों पर उपचुनाव के नतीजे आज, कौन मारेगा बाजी?
चार राज्यों पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, असम और पुडुचेरी में हुए उपचुनावों की मतगणना आज सुबह 8 बजे से शुरू हो गई है। पांच विधानसभा सीटों और असम की नगांव लोकसभा सीट के नतीजों पर सभी की नजर है।

देश के चार राज्यों पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, असम और पुडुचेरी में 6 अक्टूबर को हुए विधानसभा और लोकसभा उपचुनावों के नतीजे आज घोषित किए जाएंगे। इन चुनावों में पांच विधानसभा सीटों और असम की नगांव लोकसभा सीट शामिल है। मतगणना सुबह 8 बजे से शुरू हो चुकी है।
पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के परिणाम राज्य के मौजूदा राजनीतिक माहौल का संकेत दे सकते हैं। राज्य में 15 साल तक सत्ता में रही तृणमूल कांग्रेस को हटाकर बीजेपी ने सरकार बनाई है। ऐसे में इन उपचुनावों को सत्ता में आने के बाद बीजेपी के जनसमर्थन और विपक्षी दलों की स्थिति का आकलन करने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
नंदीग्राम सीट पर शुभेंदु अधिकारी की जीत के बाद हुआ उपचुनाव
नंदीग्राम विधानसभा सीट का बंगाल की राजनीति में खास महत्व रहा है। 2021 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी ने इस सीट पर ममता बनर्जी को हराकर बड़ा राजनीतिक उलटफेर किया था। 2026 के विधानसभा चुनाव में भी अधिकारी ने नंदीग्राम से जीत हासिल की थी।
हालांकि, भवानीपुर सीट अपने पास रखने के फैसले के बाद उन्हें नंदीग्राम की सीट छोड़नी पड़ी। इसी वजह से यहां उपचुनाव कराने की जरूरत पड़ी।
रेजीनगर में झड़प के बाद हुमायूं कबीर गिरफ्तार, कांग्रेस ने की पुनर्मतदान की मांग
रेजीनगर विधानसभा क्षेत्र में मतदान के दौरान तनाव की स्थिति सामने आई। पुलिस के साथ झड़प के बाद आम जनता उन्नयन पार्टी के प्रमुख हुमायूं कबीर को गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं, कांग्रेस ने नंदीग्राम और रेजीनगर दोनों सीटों पर पुनर्मतदान कराने की मांग की।
रेजीनगर में हुमायूं कबीर के बेटे गुलाम नबी आजाद भी चुनावी मैदान में हैं। चुनाव के दौरान दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में मतदाताओं को डराने-धमकाने, बूथ स्तर पर अनियमितताओं और छिटपुट झड़पों के आरोप लगाए गए।
चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, नंदीग्राम और रेजीनगर में कुल करीब 5.24 लाख मतदाता पंजीकृत थे। इनमें से लगभग 80 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। नंदीग्राम में 80.89 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जबकि रेजीनगर में मतदान का आंकड़ा 80.08 प्रतिशत रहा। मतदान प्रतिशत के साथ-साथ चुनाव के दौरान सामने आए विवादों ने भी इन दोनों सीटों को चर्चा में बनाए रखा है।
तमिलनाडु में TVK की लोकप्रियता की होगी परीक्षा
तमिलनाडु की मदुरंतकम और धारापुरम विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव सत्तारूढ़ TVK के लिए अहम माने जा रहे हैं। मई में पार्टी के सत्ता में आने के बाद इन सीटों पर हुए चुनावों को उसके जनसमर्थन की परीक्षा के तौर पर देखा जा रहा है।
वहीं, विपक्षी AIADMK को उम्मीद है कि वह अप्रैल में हुए विधानसभा चुनावों के दौरान TVK से गंवाई गई सीटों पर दोबारा जीत हासिल कर सकती है।
तीन-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था के बीच होगी मतगणना
तमिलनाडु में मतगणना के लिए प्रशासन की ओर से व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। धारापुरम सीट के वोटों की गिनती तिरुपुर जिले के LRG गवर्नमेंट आर्ट्स एंड साइंस कॉलेज में हो रही है। वहीं, मदुरंतकम सीट की मतगणना चेंगलपट्टू जिले के आथुर स्थित इंटीग्रेटेड सोशल डेवलपमेंट ट्रेनिंग सेंटर में की जा रही है।
धारापुरम के मतगणना केंद्र पर EVM के वोटों की गिनती के लिए 14 टेबल लगाई गई हैं, जबकि पोस्टल बैलेट की गिनती के लिए दो टेबल निर्धारित की गई हैं। मदुरंतकम में भी इसी तरह की व्यवस्था की गई है।
असम की नगांव लोकसभा सीट पर त्रिकोणीय मुकाबला
असम की नगांव लोकसभा सीट पर बीजेपी, कांग्रेस और AIUDF के बीच कड़ा मुकाबला माना जा रहा है। बीजेपी ने यहां पूर्व नौकरशाह देवाशीष शर्मा को उम्मीदवार बनाया है। कांग्रेस की ओर से पूर्व विधायक शिवमणि बोरा चुनाव लड़ रहे हैं, जबकि AIUDF प्रमुख बदरुद्दीन अजमल भी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।
नगांव में करीब 76 प्रतिशत मतदाताओं ने मतदान किया था। यह लोकसभा सीट कांग्रेस सांसद प्रद्युत बोरदोलोई के विधानसभा चुनाव लड़ने और जीत हासिल करने के बाद खाली हुई थी। इसके बाद यहां उपचुनाव कराया गया।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
