दिल्ली में ठंड के साथ बढ़ा प्रदूषण का कहर, कई इलाकों में AQI 369 के पार, सांस लेना हुआ मुश्किल
दिल्ली में सर्दी बढ़ने के साथ प्रदूषण का स्तर भी लगातार बढ़ रहा है। 21 नवंबर को सिरीफोर्ट में AQI 369 दर्ज किया गया, जबकि कई अन्य इलाकों में भी हवा बेहद खराब श्रेणी में रही।
दिल्ली के सिरीफोर्ट में AQI 369 दर्ज किया गया।
57 में से 50 निगरानी केंद्रों पर PM2.5 प्रमुख प्रदूषक रहा।
प्रदूषण कम करने के लिए GRAP-2 के तहत सड़कों पर पानी का छिड़काव और सफाई की जा रही है।
दिल्ली में सर्दी बढ़ने के साथ ही प्रदूषण ने भी लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। राजधानी की हवा लगातार जहरीली होती जा रही है। सुबह और शाम के वक्त ठंड के साथ धुंध की मोटी परत भी देखने को मिल रही है। इसका असर लोगों की सेहत पर पड़ने लगा है। 21 नवंबर को दिल्ली के सिरीफोर्ट इलाके में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 369 दर्ज किया गया, जो बेहद खराब श्रेणी में आता है। ऐसे हालात में लोगों को सांस लेने में परेशानी, गले में खराश और आंखों में जलन जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
कई इलाकों में प्रदूषण का स्तर चिंताजनक
राजधानी के कई इलाकों में प्रदूषण का स्तर चिंताजनक बना हुआ है। आंकड़ों के मुताबिक, DTU और चांदनी चौक में AQI 365 दर्ज किया गया। वहीं कॉमनवेल्थ स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 362 और ITO में 353 रहा। आनंद विहार में वायु गुणवत्ता सूचकांक 326 तक पहुंच गया। इसके अलावा विवेक विहार में 318 और पटपड़गंज में 310 AQI रिकॉर्ड किया गया। हालांकि, लोधी रोड में हालात कुछ बेहतर रहे, जहां AQI 167 दर्ज हुआ।
PM2.5 के महीन कण बन रहे प्रदूषण की बड़ी वजह
दिल्ली की हवा में PM2.5 कणों की मौजूदगी लोगों के लिए बड़ी चिंता बनी हुई है। निगरानी केंद्रों से मिले आंकड़ों के अनुसार, राजधानी के 57 में से 50 केंद्रों पर PM2.5 सबसे प्रमुख प्रदूषक रहा। ये बेहद छोटे कण सांस के जरिए शरीर में प्रवेश कर फेफड़ों तक पहुंच सकते हैं। इसका सबसे ज्यादा असर बच्चों, बुजुर्गों और पहले से सांस संबंधी बीमारियों से जूझ रहे लोगों पर पड़ सकता है।
प्रदूषण रोकने के लिए GRAP-2 लागू
बढ़ते प्रदूषण पर काबू पाने के लिए दिल्ली-NCR में ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) के दूसरे चरण के तहत उपाय किए जा रहे हैं। इसके अंतर्गत सड़कों पर नियमित पानी का छिड़काव, मशीनों से सफाई और सार्वजनिक परिवहन के इस्तेमाल को बढ़ावा देने जैसे कदम शामिल हैं।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
