दिल्ली-NCR में प्रदूषण का कहर, 402 पहुंचा राजधानी का AQI, कई इलाकों में हालात गंभीर
दिल्ली-NCR में प्रदूषण ने फिर बढ़ाई चिंता, दिल्ली का औसत AQI 402 पर पहुंचा. IIT दिल्ली में 487 और चांदनी चौक-नॉर्थ कैंपस में 476 AQI दर्ज किया गया। नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम की हवा भी खराब श्रेणी में बनी हुई है

दिल्ली में प्रदूषण का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। राजधानी की हवा एक बार फिर लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गई है। शुक्रवार सुबह हालात इतने खराब रहे कि दिल्ली का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 402 दर्ज किया गया। वहीं, IIT दिल्ली के मॉनिटरिंग स्टेशन पर AQI 487 के पार पहुंच गया। कई इलाकों में हवा की गुणवत्ता गंभीर श्रेणी में बनी हुई है। मौसम विभाग के मुताबिक, सोमवार तक प्रदूषण से राहत मिलने की संभावना भी कम है।
प्रदूषण की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दिल्ली के 33 मॉनिटरिंग स्टेशनों पर AQI गंभीर श्रेणी में दर्ज किया गया, जबकि 25 स्टेशन पर हवा बेहद खराब श्रेणी में रही। इससे साफ है कि राजधानी का शायद ही कोई ऐसा इलाका है, जहां प्रदूषण का असर न दिखाई दे रहा हो।
IIT दिल्ली में सबसे ज्यादा प्रदूषण, चांदनी चौक भी बेहाल
दिल्ली के प्रदूषित इलाकों की सूची में IIT दिल्ली सबसे ऊपर रहा, जहां AQI 487 दर्ज किया गया। इसके बाद चांदनी चौक और नॉर्थ कैंपस का नंबर रहा। दोनों जगह एयर क्वालिटी इंडेक्स 476 तक पहुंच गया। वहीं, पूसा में AQI 468 और NSUT जाफरपुर में 461 रिकॉर्ड किया गया।
इन आंकड़ों से स्पष्ट है कि प्रदूषण केवल कुछ चुनिंदा इलाकों तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरी राजधानी इसकी चपेट में है। दिल्ली का औसत AQI भी 400 के पार पहुंचने से स्थिति और चिंताजनक हो गई है।
नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम में भी बिगड़े हालात
दिल्ली के साथ-साथ NCR के दूसरे शहरों में भी प्रदूषण का स्तर बढ़ा हुआ है। CPCB के आंकड़ों के अनुसार, आनंद विहार में AQI 414 और ITO में 455 दर्ज किया गया। वहीं, गाजियाबाद में 377, नोएडा में 369 और गुरुग्राम में 349 AQI रिकॉर्ड हुआ।
अगर एक दिन पहले के आंकड़ों से तुलना करें तो प्रदूषण में तेज बढ़ोतरी नजर आती है। 11 नवंबर को सुबह 6 बजे दिल्ली का AQI 299 था। इसी दौरान नोएडा में 276 और गुरुग्राम में 295 दर्ज किया गया था। इसके मुकाबले शुक्रवार सुबह दिल्ली-NCR की हवा काफी ज्यादा प्रदूषित हो गई।
कई दिनों से जारी है प्रदूषण की मार
दिल्ली-NCR के लोग पिछले कई दिनों से खराब हवा के बीच रहने को मजबूर हैं। इससे पहले 12 अक्टूबर को भी प्रदूषण को लेकर सख्ती बढ़ाई गई थी। उस दौरान दिल्ली का AQI 319 दर्ज किया गया था। अक्षरधाम समेत राजधानी के कई इलाकों में स्मॉग की मोटी परत छाई हुई दिखाई दी थी।
एम्स, जेएलएन स्टेडियम और सराय काले खां के आसपास भी धुंध और प्रदूषण का असर साफ नजर आया था।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
