राष्ट्रपति ने 71 हस्तियों को पद्म पुरस्कार प्रदान किया, पंकज उधास और सुशील कुमार मोदी मरणोपरांत सम्मानित
इस साल 25 जनवरी को पद्म पुरस्कारों के लिए नामित किये गए 139 प्रतिष्ठित व्यक्तियों में से 71 हस्तियों को आज पुरस्कार मिला। शेष को शीघ्र ही एक अलग समारोह में ये अलंकरण प्रदान किए जाएंगे।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार शाम को राष्ट्रपति भवन के गणतंत्र मंडप में सुजुकी मोटर के पूर्व प्रमुख दिवंगत ओसामु सुजुकी, दिवंगत प्रसिद्ध गायक पंकज उधास और दिवंगत बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी समेत 71 प्रमुख हस्तियों को पद्म पुरस्कारों से सम्मानित किया। राष्ट्रपति ने चार पद्म विभूषण, 10 पद्म भूषण और 57 पद्म श्री पुरस्कारों से कुल 71 हस्तियों को सम्मानित किया।
इस साल 25 जनवरी को 76वें गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर कुल 139 प्रतिष्ठित व्यक्तियों को देश के नागरिक पुरस्कारों- पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्म श्री- के लिए नामित किया गया था।इनमें से 71 हस्तियों को सोमवार को उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित अन्य की उपस्थिति में राष्ट्रपति भवन के भव्य दरबार हॉल में ये पुरस्कार प्रदान किए गए, जबकि शेष को शीघ्र ही एक अलग समारोह में ये अलंकरण प्रदान किए जाएंगे।
राष्ट्रपति ने वरिष्ठ अभिनेता और निर्देशक शेखर कपूर, एशियन इंस्टीट्यूट ऑफ गैस्ट्रोएंटरोलॉजी और एआईजी हॉस्पिटल्स के अध्यक्ष डी. नागेश्वर रेड्डी, वायलिन वादक लक्ष्मीनारायण सुब्रमण्यम और तेलुगु सुपरस्टार और आंध्र प्रदेश के विधायक नंदमुरी बालकृष्ण को पद्म पुरस्कार प्रदान किए गए। पुरस्कार पाने वालों में चार को पद्म विभूषण मिला- सुजुकी (मरणोपरांत), सुब्रमण्यम, रेड्डी और मलयालम लेखक एवं फिल्म निर्देशक एम.टी. वासुदेवन नायर (मरणोपरांत)।
कुल 10 प्रतिष्ठित व्यक्तियों को पद्म भूषण से सम्मानित किया गया। इनमें पंकज उधास (मरणोपरांत), सुशील कुमार मोदी (मरणोपरांत), बालकृष्ण कपूर, पूर्व हॉकी खिलाड़ी पी.आर. श्रीजेश, तमिल अभिनेता एस. अजित कुमार, जाइडस लाइफसाइंसेज के चेयरपर्सन पंकज पटेल और भारतीय-अमेरिकी इंजीनियर विनोद धाम शामिल हैं, जिन्हें ‘पेंटियम के जनक’ के रूप में जाना जाता है।
पूर्व भारतीय हॉकी खिलाड़ी पी.आर. श्रीजेश को खेल के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए पद्म भूषण पुरस्कार मिला। गायिका जसपिंदर नरूला को कला के क्षेत्र में और क्रिकेटर रविचंद्रन अश्विन को खेल के क्षेत्र में उनके सराहनीय योगदान के लिए पद्म श्री से सम्मानित किया गया।प्रसिद्ध वैदिक विद्वान गणेश्वर शास्त्री द्रविड़ को भी पद्म श्री पुरस्कार मिला। उन्होंने अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा और वाराणसी में काशी विश्वनाथ मंदिर कॉरिडोर के भूमि पूजन का शुभ समय तय किया था।
वैदिक संस्कृति और आध्यात्मिकता पर अपने लेखन के लिए जाने जाने वाले अमेरिकी लेखक और शोधकर्ता स्टीफन नैप को साहित्य और शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए राष्ट्रपति से पद्म श्री पुरस्कार मिला। वायलिन वादक लक्ष्मीनारायण सुब्रमण्यम को कला के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया।
सुजुकी मोटर के पूर्व सीईओ ओसामु सुजुकी (मरणोपरांत) को व्यापार और उद्योग के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए पद्म विभूषण दिया गया। उनके बेटे और सुजुकी मोटर्स के सीईओ तोशीहिरो सुजुकी ने यह पुरस्कार ग्रहण किया। गायक पंकज उधास (मरणोपरांत) को कला के क्षेत्र में पद्म भूषण पुरस्कार से सम्मानित किया गया। पंकज उधास की तरफ से उनकी पत्नी फरीदा पंकज उधास ने राष्ट्रपति से पुरस्कार ग्रहण किया।
पद्म पुरस्कार देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में से एक हैं। हर साल ये पुरस्कार कला, सामाजिक कार्य, सार्वजनिक मामले, विज्ञान और इंजीनियरिंग, उद्योग, चिकित्सा और साहित्य जैसे कई क्षेत्रों में समाज के लिए सकारात्मक योगदान के लिए दिए जाते हैं। इस साल 25 जनवरी को पद्म पुरस्कारों के लिए नामित किये गए 139 प्रतिष्ठित व्यक्तियों में से 71 हस्तियों को आज पुरस्कार मिला। शेष को शीघ्र ही एक अलग समारोह में ये अलंकरण प्रदान किए जाएंगे।
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia