राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री ने दी बिहार दिवस की शुभकामनाएं, राहुल और प्रियंका गांधी ने भी दी बधाई

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के विकास की कामना करते हुए बिहार दिवस की बधाई और शुभकामनाएं दी है। इस अवसर पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी, पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी ने भी बिहार दिवस की बधाई और शुभकामनाएं दी।

फोटोः सोशल मीडिया
फोटोः सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के विकास की कामना करते हुए बिहार दिवस की बधाई और शुभकामनाएं दी है। इस अवसर पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी, पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी ने भी बिहार दिवस की बधाई और शुभकामनाएं दी। वहीं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी विश्व को लोकतंत्र की राह दिखाने वाले ' बिहार ' के स्थापना दिवस पर बधाई और शुभकामनाएं दी है।

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने बिहार के गौरवशाली अतीत और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का जिक्र करते हुए ट्वीट कर कहा, बिहार दिवस पर प्रदेश के लोगों को बधाई! बिहार का एक गौरवशाली अतीत और समृद्व सांस्कृतिक विरासत है। यहां के कर्मठ व प्रतिभाशाली लोगों ने देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। बिहार के राज्यपाल के रूप में यहां के लोगों का मुझे अत्यंत स्नेह मिला। इस विशेष अवसर पर मेरी शुभकामनाएं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के विकास की कामना करते हुए ट्वीट कर कहा, बिहार के सभी भाइयों और बहनों को बिहार दिवस की हार्दिक बधाई। मेरी कामना है कि ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत से समृद्ध यह प्रदेश विकास के नए-नए कीर्तिमान स्थापित करता रहे।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा बिहार अपनी संस्कृति और ज्ञान की धरोहर के लिये दुनिया में मशहूर है। यहाँ के लोगों ने देश के विकास में अपना अभूतपूर्व योगदान दिया है। #बिहार_दिवस पर सभी को शुभकामनाएं।

वहीं प्रियंका गांधी ने लिखा- पराक्रम, परिश्रम, प्रेरणा एवं ज्ञान की भूमि बिहार के समस्त निवासियों को बिहार दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं।

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बिहार दिवस की शुभकामनाएं देते हुए ट्वीट कर कहा, विश्व को लोकतंत्र की राह दिखाने वाले व अहिंसा, सद्भाव तथा ज्ञान और संघर्ष की भूमि 'बिहार' के स्थापना दिवस के अवसर पर समस्त बिहार वासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ।

गृह मंत्री अमित शाह ने बिहार को लोकतंत्र की जननी बताते हुए ट्वीट कर कहा, बिहार की भूमि वीरों, विद्वानों, महापुरुषों और लोकतंत्र की जननी है। आज 'बिहार दिवस' पर सभी परिश्रमी बिहारवासियों को शुभकामनाएं देता हूँ। बिहार निरंतर विकास के नित नए मापदंड स्थापित कर देश की प्रगति में इसी प्रकार अपना योगदान देता रहेगा, ऐसी कामना करता हूँ।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बिहार के लोगों के सुख और समृद्धि की कामना करते हुए ट्वीट कर कहा, बिहार दिवस के अवसर पर राज्य के सभी लोगों को हार्दिक शुभकामनाएं। यह भूमि भारत में त्याग, तपस्या, संस्कृति और संस्कार की भूमि मानी जाती रही है। मेरी यही कामना है कि बिहार प्रदेश विकास की बुलंदियों तक पहुँचे और प्रदेशवासियों के सुख और समृद्धि की वृद्धि हो।

(आईएएनएस के इनपुट के साथ)

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia