किसानों के आंदोलन और विरोध के बीच तीनों कृषि बिल बने कानून, राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने बिल पर किए हस्ताक्षर

राष्ट्रपति द्वारा जिन विधेयकों को मंजूरी मिली है, उनमें कृषक उपज व्यापार एवं वाणिज्य (संवर्धन एवं सुविधा) विधेयक 2020, कृषक (सशक्तीकरण व संरक्षण) कीमत आश्वासन और कृषि सेवा पर करार विधेयक 2020 और आवश्यक वस्तु (संशोधन) विधेयक-2020 शामिल हैं।

फोटो: सोशल मीडिया
i
user

नवजीवन डेस्क

google_preferred_badge

एक ओर जहां मोदी सरकार द्वारा लाए गए कृषि बिलों के खिलाफ किसान सड़कों पर है वहीं इन सबके बीच राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने किसानों और राजनीतिक दलों के लगातार विरोध के बीच मॉनसून सत्र में संसद से पास किसानों और खेती से जुड़े बिलों पर अपनी सहमति दे दी है। जानकारी के मुताबिक तीनों कृषि विधेयकों पर राष्ट्रपति ने हस्ताक्षर कर दिए हैं। राष्ट्रपति के हस्ताक्षर के साथ ही अब ये विधेयक कानून बन गए हैं।

आपको बता दें, संसद के मॉनसून सत्र में लाए गए कृषक उपज व्यापार एवं वाणिज्य (संवर्धन एवं सुविधा) विधेयक 2020, कृषक (सशक्तीकरण व संरक्षण) कीमत आश्वासन और कृषि सेवा पर करार विधेयक 2020 और आवश्यक वस्तु (संशोधन) विधेयक-2020 को पहले संसद के दोनों सदनों की मंजूरी मिल चुकी है। अब इस पर राष्ट्रपति की मुहर भी लग चुकी है। ये तीनों विधेयक कोरोना काल में पांच जून को घोषित तीन अध्यादेशों की जगह लेंगे।

उधर, कृषि विधेयकों के खिलाफ देश भर के किसानों ने 25 सितंबर को भारत बंद बुलाया था। लेकिन किसानों की मांग का मोदी सरकार पर कोई असर नहीं दिखा। पंजाब में कृषि बिलों के विरोध में किसानों का रेल रोको आंदोलन जारी है। आपको बता दें, राजनीतिक दलों समेत किसान संगठनों द्वारा 25 सितंबर को बुलाए गए भारत बंद का सबसे ज्यादा असर उत्तर भारत, खासतौर से पंजाब, हरियाणा और पश्चिम उत्तर प्रदेश में देखा गया। हालांकि, अन्य राज्यों में भी विपक्षी दलों और किसान संगठनों ने जगह-जगह प्रदर्शन किया।

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia