बाबा महाकाल को पुजारियों ने लगाया गुलाल, भस्म आरती के साथ हुई होली की शुरुआत

सबसे पहले भगवान महाकाल के दरबार में भस्म आरती हुई। इसके बाद भगवान महाकाल को फूल अर्पित किए गए। फिर दूध, दही, जल और भांग के साथ भगवान का अभिषेक किया गया और फिर फलों के रस से उन्हें स्नान कराया गया।

फोटो: सोशल मीडिया
i
user

नवजीवन डेस्क

देश में होली का पर्व मनाया जा रहा है। इस बीच, मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में पुजारियों ने बाबा महाकाल और नंदी को गुलाल लगाया। इस दौरान भव्य आरती की गई और बड़ी संख्या में भक्तों ने होली उत्सव में भाग लिया।

दरअसल, ब्रह्म मुहूर्त के साथ ही मंदिर में होली के पर्व का धूमधाम के साथ आगाज हुआ। सबसे पहले भगवान महाकाल के दरबार में भस्म आरती हुई। इसके बाद भगवान महाकाल को फूल अर्पित किए गए। फिर दूध, दही, जल और भांग के साथ भगवान का अभिषेक किया गया और फिर फलों के रस से उन्हें स्नान कराया गया।

देश में कोई भी त्योहार सबसे पहले बाबा महाकाल के धाम में मनाया जाता है। यह एकमात्र दक्षिण मुखी ज्योतिर्लिंग है, जहां सुबह 4 बजे भस्म आरती की जाती है। होली के पावन पर्व पर बाबा महाकाल को पुजारियों ने गुलाल लगाया। इस दौरान उन्होंने बाबा का नियमित पंचाभिषेक किया। बाबा के श्रृंगार के बाद आरती की गई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में भक्त शामिल हुए।

भगवान महाकाल की नगरी उज्जैन में शिव भक्तों पर होली का रंग चढ़ चुका है। हर साल यहां होली के अवसर पर महाकालेश्वर मंदिर में हजारों की तादाद में भक्त उमड़ते हैं और भगवान महाकाल के साथ होली खेलते हैं। होली के पर्व के साथ ही भगवान महाकाल की दिनचर्या में भी गर्मी के मौसम के अनुसार समायोजन होगा। आज से ही भगवान की आरती भोग का समय बदलेगा।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia