यूपी में महिला जज की संदिग्ध मौत, प्रियंका गांधी ने योगी सरकार को घेरा, कहा- सोचें आम लड़की हर दिन...

मऊ की रहने वाली ज्योत्सना राय का शव बदायूं में उनके आवास पर लटका पाया गया था। पुलिस ने आत्महत्या की आशंका जताई थी। सुसाइड की खबर पाकर उनके परिजन बदायूं पहुंचे। इस दौरान पिता ने पुलिस को दी शिकायत में अज्ञात लोगों पर बेटी को मारकर लटकाने का आरोप लगाया है।

यूपी में महिला जज की संदिग्ध मौत पर प्रियंका गांधी ने योगी सरकार को घेरा
यूपी में महिला जज की संदिग्ध मौत पर प्रियंका गांधी ने योगी सरकार को घेरा
user

नवजीवन डेस्क

उत्तर प्रदेश के बदायूं की महिला जज ज्योत्सना राय की संदिग्ध मौत के मामले में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने प्रदेश की योगी सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि बीजेपी राज में महिला जजों की सुरक्षा का ये हाल है, तो सोचिए कि एक सामान्य लड़की हर दिन किस भय के साथ जीती होगी।

प्रियंका गांधी ने एक्स पर लिखा, “उत्तर प्रदेश के बाँदा में कुछ हफ्ते पहले एक महिला जज ने इच्छा मृत्यु मांगी। अब बदायूँ में एक दूसरी महिला जज का शव उनके घर में पाया गया है, जिसकी जांच पर उनके परिवार ने गंभीर सवाल उठाए हैं। बीजेपी राज में महिला जजों की सुरक्षा का ये हाल है तो सोचिए कि एक सामान्य लड़की हर दिन किस भय के साथ जीती होगी।“


कांग्रेस नेता ने आगे कहा, “एनसीआरबी के मुताबिक, महिलाओं के खिलाफ अपराध में उत्तर प्रदेश नंबर-1 है। हर घंटे 8 महिलाएं अपराध का शिकार बनती हैं। उत्तर प्रदेश महिलाओं के लिए पूरी तरह असुरक्षित हो चुका है, क्योंकि सुरक्षा के सारे बड़े-बड़े दावे सिर्फ विज्ञापनों में हैं। महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध के आंकड़े यह दिखाते हैं कि सरकार असल में महिला सुरक्षा को लेकर कितनी गंभीर है! अब महिलाओं की, और समाज की जागरूकता ही उन्हें दमन और हिंसा के इस भंवर से निकालेगी।”

बता दें कि शनिवार सुबह मऊ जनपद की रहने वाली ज्योत्सना राय का शव बदायूं में उनके आवास पर लटका हुआ पाया गया था। पुलिस ने आत्महत्या की आशंका जताई थी। सुसाइड की खबर पाकर उनके परिजन बदायूं पहुंचे। इस दौरान पिता ने पुलिस को दी शिकायत में अज्ञात लोगों पर बेटी को मारकर लटकाने का आरोप लगाया है। ज्योत्सना के भाई ने भी पुलिस जांच पर कई सवाल उठाए हैं।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia