प्रियंका गांधी ने बुलंदशहर रेप-हत्या को बताया दूसरा हाथरस कांड, कहा- एक बार फिर न्याय की आवाज दबाने का प्रयास
इस हफ्ते की शुरूआत में बुलंदशहर के धोरौ गांव के बाहरी इलाके में एक ट्यूबवेल के पास 16 वर्षीय लड़की का शव पड़ा मिला था। कथित तौर पर रेप के बाद उसकी हत्या की गई थी। आरोप है कि परिवार की इच्छा के खिलाफ प्रशासन ने आनन-फानन में उसके शव का अंतिम संस्कार करा दिया।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने एक हफ्ते पहले बुलंदशहर में एक 16 वर्षीय लड़की के साथ रेप और उसकी हत्या को दूसरा हाथरस कांड बताया है। उन्होंने पुलिस पर एफआईआर में रेप का जिक्र नहीं करने का आरोप लगाते हुए कहा कि एक बार फिर न्याय की आवाज को दबाने का प्रयास हुआ है।
प्रियंका गांधी ने कहा कि एक बार फिर उत्तर प्रदेश सरकार के प्रशासन ने पीड़ित परिवार की मदद के बजाय, उन्हें परेशान किया। अन्याय की प्रतीक हाथरस घटना की तरह ही इसमें भी पुलिस ने एफआईआर में बलात्कार का जिक्र नहीं किया और लड़की के शव को जबरन जला दिया।
प्रियंका गांधी ने सीएम योगी से पूछा कि आप किस मुंह से महिलाओं के सुरक्षित होने की बात करते हैं, जब आपके प्रशासन का ट्रैक रिकॉर्ड हर घटना में महिलाओं और पीड़ित परिवारों के विरोध का है। उन्होंने कहा कि मैं इस परिवार की लड़ाई में उनके साथ हूं और घटना की सीबीआई जांच की मांग का समर्थन करती हूं।
इससे पहले गुरुवार शाम को प्रियंका गांधी ने इस हफ्ते की शुरुआत में बुलंदशहर के धोरौ गांव के बाहरी इलाके में कथित तौर पर रेप के बाद मार दी गई 16 वर्षीय लड़की के घर पहुंचकर उसके परिवार से मुलाकात की और उन्हें हर संभव मदद का आश्वासन दिया। आरोप है कि पीड़िता के परिवार की इच्छा के खिलाफ प्रशासन ने आनन-फानन में उसके शव का अंतिम संस्कार करा दिया।
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia