प्रियंका गांधी ने फिर की डॉ कफील खान के परिवार से बात, पत्नी से बात कर दिया अपना निजी फोन नंबर

प्रियंका गांधी ने एक बार फिर डॉ कफील खान के परिवार से बात की है। उन्होंने डॉ कफील की पत्नी को हर किस्म की मदद का भरोसा देते हुए अपना निजी नंबर उनके साथ शेयर किया है।

फोटो : सोशल मीडिया
फोटो : सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने उत्तर प्रदेश की योगी सरकार को स्पष्ट संदेश दिया है कि राज्य में अल्पसंख्यकों के साथ ज्यादती सहन नहीं की जाएगी। प्रियंका गांधी ने हाल ही में मथुरा जेल से रिहा हुए गोरखपुर के डॉक्टर कफील खान की पत्नी शबिस्तां से शुक्रवार को बात कर उन्हें हर किस्म की मदद देने का आश्वासन दिया।

प्रियंका गांधी ने शबिस्तां को अपना निजी नंबर देते हुए कफील खान की मां और बच्चों का हालचाल पूछा। यह दूसरा मौका था जब प्रियंका गांधी ने कफील खान के परिवार से बात की। इससे साफ है कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस ने अलग किस्म की राजनीति की शुरुआत की है और हर उस मुद्दे पर आवाज उठाना शुरु की है जो राज्य की विशाल अल्पसंख्यक आबादी को प्रभावित करती है।

गौरतलब है कि गोरखपुर के रहने वाले डॉक्टर कफील लंबे समय से यूपी की मथुरा जेल में बंद थे। उन पर योगी सरकार ने रासुका (राष्ट्रीय सुरक्षा कानून) के तहत मुकदमा दर्ज किया था, लेकिन हाल ही में इलाहाबाद हाईकोर्ट ने उन पर लगे रासुका को रद्द करते हुए उनकी रिहाई का आदेश सुनाया था। इसके बाद डॉक्टर कफील खान जयपुर चले गए थे। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा था कि ऐसा उन्होंने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी की सलाह पर किया था और वे उत्तर प्रदेश में खुद को सुरक्षित नहीं समझते।

उत्तर प्रदेश में कांग्रेस अल्पसंख्यक मोर्चे के अध्यक्ष शाहनवाज आलम कफील खान और उनके परिवार के साथ जयपुर गए थे। उन्होंने नवजीवन से बाततीत में कहा कि पार्टी उत्तर प्रदेश में अल्पसंख्यकों के अधिकारों के लिए संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने कहा कि, “हम उत्तर प्रदेश में बीजेपी सरकार द्वारा अल्पसंख्यकों पर किए जा रहे जुल्म और अन्याय के खिलाफ संघर्ष करते रहेंगे।” उन्होंने कहा कि सिर्फ कफील खान ही नहीं, बल्कि पार्टी हर उस शख्स के साथ मदद के लिए खड़ी है जिसे बीजेपी निशाना बना रही है।


उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी ने राजनीति के तौरतरीके बदले हैं। उन्होंने बताया कि, “प्रियंका गांधी जमीनी हकीकत से लगातार रूबरू रहती हैं। वे सिर्फ कांग्रेस नेताओं की बातों पर ही गौर नहीं करतीं बल्कि आम लोगों के साथ सीधा संपर्क कर जानकारी हासिल करती हैं और उनकी हर संभव मदद करती हैं।”

प्रियंका गांधी ने डॉ कफील खान के मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट के फैसले का स्वागत करते हुए कहा था कि, “इलाहाबाद हाई कोर्ट ने डॉक्टर कफील खान के ऊपर से रासुका हटाकर उनकी तत्काल रिहाई का आदेश दिया है। आशा है कि यूपी सरकार डॉ कफील खान को बिना किसी विद्वेष के अविलंब रिहा करेगी। डॉ कफील खान की रिहाई के प्रयासों में लगे तमाम न्याय पसंद लोगों व उप्र कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को मुबारकबाद।”

ध्यान रहे कि कांग्रेस अल्पसंख्यक सेल डॉक्टर कफील खान की रिहाई के लिए लगातार कोशिश कर रहा था।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia