पूर्वांचल में प्रियंका की हुंकार, कहा- यह सत्ता आपकी है, इसे अपने हाथ में लो, अपना हक हासिल करो

यूपी चुनाव की लड़ाई पूर्वांचल तेज हो गई है। कांग्रेस महासचिव ने आज कई इलाकों में रैली कर मोदी-योगी सरकार के साथ ही सपा-बसपा को भी खरी खोटी सुनाई। उन्होंने गरजते हुए कहा - यह सत्ता तो आम लोगों की है, इसे अपने हाथ में लेने का वक्त आ गया है।

फोटो : @INCIndia
फोटो : @INCIndia
user

नवजीवन डेस्क

"ये सत्ता आपकी है, इसे अपने हाथ में लो। अपने जीवन और भविष्य को मत बर्बाद करो। अपने देश और प्रदेश को बचाओ। सोच समझकर अपना वोट इस्तेमाल करो और जागरूक बनकर इस बार ऐसे प्रत्याशी को अपना वोट दो जो ईमानदार हो और आपके लिए दिन रात एक करने को तैयार हो।" कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने आजमगढ़ के रानी की सराय में हुई जनसभा में लोगों को यह संदेश दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी उत्तर प्रदेश को जाति-धर्म की राजनीति से निकाल कर विकास की राजनीति की तरफ लेकर जाएगी।

'कांग्रेस देगी 20 लाख रोजगार'

उन्होंने कहा, “इस चुनाव में क्या तय हो रहा है। इस चुनाव में ये तय नहीं होगा कि भाजपा आएगी, बसपा या समाजवादी आएगी या कांग्रेस आएगी। इस चुनाव में आप ये तय कर रहे हो कि आपके प्रदेश की राजनीति अब किस दिशा में जाएगी।” प्रियंका गांधी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी भर्ती क्रांति लेकर आआएगी, 20 लाख रोजगार दिलवाए जाएंगे। पहले जो 12 लाख सरकारी पद खाली हैं, उनको भरेंगे। भर्ती के लिए जॉब कलेंडर बनेगा, एक कानून लाएंगे कि किसी ने भ्रष्टाचार किया, तो उस पर कारवाई होगी।

कांग्रेस महासचिव ने कहा कि, “कांग्रेस पार्टी कह रही है, जो घोषणाएं हम कर रहे हैं, आपको उसका पूरा विधान बनाकर दिया है। खाका तैयार करके दिया है। भर्ती की प्रक्रिया, उन्होंने जो भ्रष्ट की है, उसको पारदर्शी बनाने का खाका तैयार किया है।” उन्होंने कहा कि, यह सरकार असहमति की आवाजोंको दबाती है उन्हें हिरासत में लेती है। उन्होंने कहा कि “हमें हिरासत में ले लें, हमें जेल भेज दें, हमारी जान ले लें, फिर भी हम इनके सामने झुकेंगे नहीं। हम झुकना जानते हैं तो सिर्फ जनता के सामने और किसी के सामने नहीं झुकेंगे।”

पूर्वांचल में प्रियंका की हुंकार, कहा- यह सत्ता आपकी है, इसे अपने हाथ में लो, अपना हक हासिल करो

'हम पुश्तों से लड़ रहे हैं जनसंघ-आरएसएस से'

प्रियंका गांधी ने कहा कि, “ये जानते हैं कि इनसे कोई लड़ेगा तो कांग्रेस पार्टी लड़ेगी, इतिहास में ऐसी कोई जंग नहीं हुई है, जो बिना लड़े जीती गई हो। न बहुजन समाजवादी पार्टी लड़ी है, न समाजवादी पार्टी लड़ी है। ये लड़े नहीं हैं, ये जीत कैसे जाएंगे।“ उन्होंने कहा कि, “हम इनके जनसंघ और आरएसएस से पुश्तों से लड़ रहे है, इन सबको मालूम है कि समाजवादी के नेता झुक जाएंगे, बसपा के नेता झुक जाएंगे, दुबक जाएंगे अपने घरों में। इन सबको मालूम है कि कांग्रेस पार्टी नही झुकेगी।”

पूर्वांचल में प्रियंका की हुंकार, कहा- यह सत्ता आपकी है, इसे अपने हाथ में लो, अपना हक हासिल करो

'मोदी-योगी बड़े मियां, अखिलेश यादव छोटे मियां सुभानअल्लाह'

कांग्रेस नेता ने पीएम मोदी और सीएम मोदी पर भी तीखे कटाक्ष किए। उन्होंने कहा कि, “योगी जी और मोदी जी बड़े मियां है। छोटे मियां सुभान अल्लाह आपके अखिलेश यादव जी हैं। कहां थे,जब एनआरसी हुआ? जब बिजनौर में बच्चों की हत्या की गई, तब वहां पर आए क्या? जब लखीमपुर खीरी में किसानों को भाजपा नेता के पुत्र ने कुचल डाला, तो कहाँ थे अखिलेश यादव जी?” प्रियंका गांधी ने कहा कि, “मोदी जी मंच पर खड़े होकर कहते हैं कि उनको पता भी नहीं कि छुट्टा जानवर जैसी समस्या भी होती है। इतने बड़े अंतर्यामी, सर्वज्ञानी और विश्वगुरु को मालूम नहीं कि उनकी ही सरकार में सबसे ज्यादा किसान यूपी में बड़ी परेशानी झेल रहे हैं।”


पूर्वांचल में प्रियंका की हुंकार, कहा- यह सत्ता आपकी है, इसे अपने हाथ में लो, अपना हक हासिल करो

उन्होंने कहा कि, “दशकों से आप देख रहे हैं बहुजन समाज पार्टी ने सरकार बनाई, आपको क्या मिला? समाजवादी दल ने सरकार बनाई, क्या मिला? भाजपा ने सरकार बनाई, क्या मिला? कोई नेता एक धर्म की बात करेगा, कोई नेता दूसरे धर्म की बात करेगा। कोई एक जाति की बात करेगा, दूसरा नेता दूसरी जाति की बात करेगा। इनका विकास होगा, जनता गरीब की गरीब ही रहेगी।“

प्रियंका गांधी ने कहा कि, “हम भाजपा के साथ कभी समझौता नहीं करेंगे, कभी नहीं झुकेंगे। पुश्तों से हमारी लड़ाई है। हमारी विचारधारा इनसे अलग है। हम देश का विकास चाहते हैं। हम जानते हैं लोकतंत्र में सत्ता जनता की होती है। मोदी जी के साथ वो मंत्री खड़ा रहता है जिसके पुत्र ने किसानों को कुचला, मेरे साथ मंच पर वो महिलाएं खड़ी रहती हैं जिन पर अत्याचार हुआ है, क्योंकि कांग्रेस पार्टी ने कहा, जिस सत्ता ने अत्याचार किया, उसी सत्ता को अपने हाथ में लो और लड़ो।“

उन्होंने कहा कि, “राजनीति का मकसद होता है - सेवा। नेता के लिए इससे बड़ा कोई धर्म नहीं होता है। आपके साथ बहुत बड़ा विश्वासघात हो रहा है। यह मत सोचिए कि एक ही पार्टी कर रही है, तीनों की तीनों पार्टियां कर रही हैं। आपकी समस्याओं को हल करने की बात कोई नहीं करता। सरकार का कर्तव्य है कि वह आपको सशक्त बनाए, लेकिन सरकार आपको निर्भर बना रही है।“

'यह लोकतंत्र है तानाशाही नहीं'

कांग्रेस नेता ने कहा कि, “ये लोकतंत्र है तानाशाही नहीं है। आप अपना हक मांगते हो तो आपको दबाया जाता है। ये इनकी साज़िश है कि ये जनता को गरीब रखना चाहते हैं, और अपने दोस्तों को अमीर बनाना चाहते हैं। इनके उद्योगपति दोस्त ₹1000 करोड़ प्रतिदिन कमाते हैं और किसान ₹27 प्रतिदिन कमाता है।“

प्रियंका गांधी ने लोगों का आह्वान किया कि सत्ता को अपने हाथ में लेने का समय आ चुका है। उन्होंने कहा, “जो आप तय करने जा रहे हो, उसी से आपका भविष्य तय होगा। ये चुनाव आपके भविष्य को तय करने का चुनाव है। ये सत्ता आपकी है, इसे अपने हाथ में लो। अपने जीवन और अपने भविष्य को मत बर्बाद करो। नेता को कभी भगवान नहीं बनाना चाहिए। नेता का काम है आपके लिए काम करना। उसे भगवान नहीं, जवाबदेह बनाओ। नेता को यह अहसास होना चाहिए कि उसे आपने बनाया है।“

'रोजगार, शिक्षा, फसल का दाम आपका हक है'

प्रियंका गांधी ने लोगों को उनके अधिकारों की भी याद दिलाई। उन्होंने कहा,”रोजगार आपका हक है। शिक्षा आपका हक है। सुरक्षा आपका हक है। सक्षम होना आपका हक है। उपज का दाम आपका हक है। ये सब आपका हक है। इसे समझिए और वोट जो आपका हथियार है, इसे ऐसे ही मत गंवाओ।”

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia


/* */