प्रियंका गांधी का मोदी सरकार पर बड़ा हमला, 'बेरोजगारी दर 40 सालों में उच्चतम स्तर पर, युवाओं में सिर्फ निराशा'
प्रियंका गांधी ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘पिछले 12 वर्षों में रोजगार सृजन नहीं हुआ है। विनिर्माण क्षेत्र और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) पर कोई जोर नहीं दिया गया।’’

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने देश में बेरोजगारी की स्थिति को लेकर सोमवार को सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि बेरोजगारी दर पिछले 40 वर्षों में सबसे ऊंचे स्तर पर है और युवाओं में व्यापक असंतोष एवं निराशा है।
‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ संबंधी संसद की संयुक्त समिति की बैठक के लिए संसद पहुंचीं प्रियंका गांधी ने यह भी कहा कि युवाओं में बढ़ती हताशा छात्र आंदोलनों में भी दिखाई दी है। उन्होंने दावा किया कि मौजूदा स्थिति के पीछे एक असफल शिक्षा व्यवस्था और पिछले 12 वर्षों में रोजगार के पर्याप्त अवसर पैदा नहीं होना प्रमुख कारण हैं।
प्रियंका गांधी ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘पिछले 12 वर्षों में रोजगार सृजन नहीं हुआ है। विनिर्माण क्षेत्र और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) पर कोई जोर नहीं दिया गया।’’
कांग्रेस नेता के मुताबिक, कुछ नीतियां छोटे कारोबारों को प्रभावित कर रही हैं, जबकि छोटे कारोबारी बड़ी संख्या में लोगों को रोजगार उपलब्ध कराते हैं। उन्होंने कृषि क्षेत्र का भी जिक्र करते हुए कहा कि वहां भी रोजगार और आजीविका से जुड़े अवसरों पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया।
प्रियंका गांधी ने कहा कि बेरोजगारी का मुद्दा उनकी पार्टी लंबे समय से उठाती रही है और युवाओं में व्याप्त असंतोष तथा निराशा मौजूदा स्थिति की गंभीरता को दर्शाती है।
