केरल में मानव-वन्यजीव संघर्ष पर प्रियंका गांधी बोलीं- समाधान आसान नहीं, वन विभाग के साथ मिलकर कर रहे हैं काम

प्रियंका गांधी ने कहा कि वन विभाग को ड्रोन सहित अन्य आधुनिक उपकरणों और अधिक संसाधनों से सुसज्जित किए जाने की आवश्यकता है।

फोटो: PTI
i

कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाद्रा ने शुक्रवार को कहा कि केरल में मानव-वन्यजीव संघर्ष एक जटिल समस्या है और वन विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर इससे निपटने के लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

वह यहां नीलांबुर में वन विभाग के त्वरित प्रतिक्रिया दल (आरआरटी) के लिए एक वाहन को हरी झंडी दिखाने के बाद संवाददाताओं से बातचीत कर रही थीं।

वायनाड से सांसद प्रियंका गांधी 25 से 28 जून तक अपने संसदीय क्षेत्र के तीन दिवसीय दौरे पर हैं। इस दौरान वह कई कार्यक्रमों में भाग लेंगी।

उन्होंने कहा, ‘‘यह यहां एक बड़ी समस्या है और काफी जटिल भी है।इसलिए इसका समाधान आसान नहीं है। लेकिन हम इस दिशा में कई कदम उठा रहे हैं। हम वन विभाग के साथ मिलकर भी काम कर रहे हैं।’’

उन्होंने कहा कि वन विभाग को ड्रोन सहित अन्य आधुनिक उपकरणों और अधिक संसाधनों से सुसज्जित किए जाने की आवश्यकता है।

प्रियंका ने कहा, ‘‘इससे जुड़े कई हितधारक हैं। समाधान के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा। यह एक धीमी प्रक्रिया होगी लेकिन सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि सभी मिलकर कार्य करें। हम इसी सहमति को बनाने का प्रयास कर रहे हैं और हमारे मन में कई योजनाएं हैं जिन्हें हम लागू करेंगे।’’


उन्होंने विश्वास जताया कि अब कांग्रेस नीत संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) केरल में सत्ता में है तो मानव-वन्यजीव संघर्ष की समस्या से निपटने के लिए और अधिक प्रभावी प्रयास किए जा सकेंगे।

केरल विधानसभा चुनाव के दौरान मानव-वन्यजीव संघर्ष प्रमुख मुद्दों में से एक था। राज्य के विभिन्न हिस्सों से जंगली जानवरों द्वारा लोगों पर हमले और फसलों को नुकसान पहुंचाने की लगातार घटनाएं सामने आती रही हैं।

यूडीएफ ने अपने चुनाव अभियान के दौरान इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था और सत्ता में आने पर इसका स्थायी समाधान निकालने का वादा किया था।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए