हिरासत से प्रियंका की PM को नसीहत, किसानों को कुचलने वाला वीडियो दिखाते हुए बोलीं- मंत्री का बेटा कब होगा गिरफ्तार

प्रियंका गांधी ने इस वीडियो संदेश में पीएम मोदी से लखीमपुर आकर किसानों का दर्द समझने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि जिस किसानों को कुचला गया है उनकी सुरक्षा आपका धर्म है। प्रियंका गांधी ने साथ ही कहा कि किसानों की मौत का जिम्मेदार शख्स आखिर कब गिरफ्तार होगा?

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी को सीतापुर में हिरासत में रखे 28 घंटे से ज्यादा का समय बीत चुका है। वो लगातार लखीमपुर हिंसा में मारे गए किसानों के परिवार वालों से मिलने की मांग कर रही है। लेकिन प्रशासन द्वारा उन्हें नहीं मिलने दिया जा रहा है। बिना वारंट के उन्हें हिरासत में रखा गया है। इन सबके बीच प्रियंका गांधी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो संदेश जारी किया है।

प्रियंका गांधी ने इस वीडियो संदेश के जरिए केंद्र और यूपी सरकार पर जमकर हमला बोला है। प्रियंका गांधी ने वीडियो में कहा कि "नमस्कार मोदी जी मुझे मालूम हुआ कि आप आजादी का अमृत उत्सव मनाने के लिए आप लखनऊ आ रहे हैं। प्रियंका गांधी ने कहा कि मैं आपसे पूछना चाहती हूं क्या आपने किसानों को कुचलने वाला वीडियो देखा है? प्रियंका ने कहा कि ये वीडियो आपके सरकार के एक मंत्री के बेटे को किसानों को अपनी गाड़ी के नीचे कुचलते हुए दिखाता है।

प्रियंका ने कहा कि मोदी जी इस वीडियो को देखिए और इस देश को बताइये कि इस मंत्री को बर्खास्त क्यों नहीं किया गया और क्यों इस लड़के को अभी तक गिरफ्तार नहीं किया गया। प्रियंका गांधी ने कहा कि मेरे जैसे विपक्ष के नेता को आपने हिरासत में बिना किसी एफआईआर बिना किसी ऑर्डर के रखा है, लेकिन किसानों को कुचलने वाला शख्स अभी तक आजाद कैसे घूम रहा है।

प्रियंका गांधी ने कहा कि मोदी जी आज जब आप अमृत उत्सव के मंच पर बैठे रहेंगे तो याद कीजिए कि आजादी हमें किसानों ने दिलवाई है। आज भी इस देश की सुरक्षा सीमाओ पर किसानों के बेटे करते हैं। किसान महीनों से त्रस्त है, अपनी आवाज उठा रहा है लेकिन आप उन्हें नकार रहे हैं। प्रियंका गांधी ने कहा मोदी जी मैं आपसे आग्रह करती हूं लखीमपुर आईये। जिन्होंने आजादी दिलवाई जो अन्नदाता है इस देश के, जो आत्मा है इस देश की उनकी पीड़ा समझिए। इनकी सुरक्षा करना आपका धर्म है। जिस संविधान पर आपने शपथ लिया उसका धर्म है, और उसके प्रति आपका कर्तव्य है.. जय हिंद जय किसान

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia


Published: 05 Oct 2021, 10:52 AM