प्रियंका गांधी 10 अक्टूबर को सोलन में करेंगी रैली, हिमाचल में कांग्रेस के चुनाव प्रचार की करेंगी शुरुआत

कांग्रेस प्रवक्ता अलका लांबा ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और सरकार का खराब प्रदर्शन प्रमुख मुद्दों में से एक होगा। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य, दोनों की भाजपा सरकारें झूठे दावे कर रही हैं।

फोटोः सोशल मीडिया
फोटोः सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी हिमाचल प्रदेश के सोलन में 10 अक्टूबर को एक रैली को संबोधित करेंगी। इस रैली के साथ ही प्रियंका हिमाचल प्रदेश के चुनाव में कांग्रेस के प्रचार अभियान की शुरुआत करेंगी। संभावना है कि प्रियंका गांधी ही हिमाचल प्रदेश में पार्टी के चुनाव प्रचार की कमान संभालेंगी, क्योंकि राहुल गांधी इस समय भारत जोड़ो यात्रा का नेतृत्व कर रहे हैं।

कांग्रेस की नजर पहाड़ी राज्य की सत्ता में वापसी पर है और राज्य में पार्टी के लिए यह पहला चुनाव होगा जो वीरभद्र सिंह के बिना होगा। हालांकि कांग्रेस ने उनकी पत्नी प्रतिभा सिंह को प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। ऐसे में कांग्रेस सत्ता में वापस आने के लिए आश्वस्त है, क्योंकि रणनीतिकारों को 1985 के बाद से राज्य में वैकल्पिक सरकारों की प्रवृत्ति पर काफी हद तक भरोसा है।


हालांकि, वीरभद्र सिंह के निधन के बाद पार्टी राज्य में नेतृत्व संकट का सामना कर रही है, लेकिन अप्रैल में वीरभद्र सिंह की विधवा और तीन बार की सांसद प्रतिभा सिंह को हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त कर कांग्रेस ने इस संकट को भी खत्म कर दिया था।

कांग्रेस प्रवक्ता अलका लांबा ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और सरकार का खराब प्रदर्शन प्रमुख मुद्दों में से एक होगा। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य, दोनों की बीजेपी सरकारें झूठे दावे कर रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता इस सरकार से त्रस्त है और बदलाव के मूड में है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia