प्रियंका गांधी आज मध्य प्रदेश में फूंकेंगी चुनावी बिगुल, जबलपुर दौरे में सुरक्षा को लेकर हाई अलर्ट पर पुलिस

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी आज मध्य प्रदेश दौरे पर हैं। वे जबलपुर में कांग्रेस के चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत करेंगी। माना जा रहा है कि इस दौरान वे कई घोषणाएं भी कर सकती हैं। इस दौरान उनकी सुरक्षा को लेकर पुलिस हाई अलर्ट पर है।

प्रियंका गांधी आज मध्य प्रदेश के जबलपुर में चुनाव प्रचार का आगाज करने वाली हैं (फोटो -Getty Images)
प्रियंका गांधी आज मध्य प्रदेश के जबलपुर में चुनाव प्रचार का आगाज करने वाली हैं (फोटो -Getty Images)
user

नवजीवन डेस्क

कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी आज मध्यप्रदेश के जबलपुर दौरे पर पहुंच रही हैं। यहीं से प्रियंका गांधी मध्य प्रदेश में कांग्रेस के चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत करने वाली हैं। इस बीच प्रियंका गांधी की सुरक्षा को लेकर पुलिस को खतरे के इनपुट मिले हैं, लिहाजा पुलिस अलर्ट मोड में है।

पुलिस के मुताबिक प्रियंका गांधी आज लगभग साढ़े तीन घंटे जबलपुर में रहेंगी। इस दौरान सुरक्षा के खास बंदोबस्त किए गए हैं। वह ग्वारीघाट पर नर्मदा नदी का पूजन करेंगी, उसके बाद रानी दुर्गावती की प्रतिमा पर माला अर्पण करने के बाद शहीद स्मारक पार्क में आयोजित जनसभा को संबोधित करने वाली हैं।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक समीर वर्मा ने मीडिया से बातचीत में कहा, "प्रियंका गांधी जबलपुर आ रही हैं, उनको जेड प्लस सुरक्षा प्राप्त है, उनकी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह अलर्ट है। उनकी सुरक्षा को लेकर खतरे के इनपुट मिले हैं, पुलिस ने इसे गंभीरता से लिया है, जिसके चलते विशेष सतर्कता बढ़ा दी गई है।"

गौरतलब है कि मध्य प्रदेश में इस साल विधानसभा चुनाव होने हैं। 2018 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने 6 जून को मंदसौर में किसान कर्ज माफी का ऐलान कर कांग्रेस के लिए सत्ता की राह को आसान बनाया था। इस बार प्रियंका गांधी चुनावी बिगुल फूंकने वाली हैं। माना जा रहा है कि प्रियंका गांधी भी किसान कर्ज माफी का ऐलान कर सकती हैं।


ऐसी भी संभावना है कि प्रियंका गांधी जबलपुर की जनसभा में महिलाओं को पंद्रह सौ रुपए हर महीने देने के लिए नारी सम्मान योजना, 500 रुपये में गैस सिलेंडर, पुरानी पेंशन लागू करने का ऐलान भी कर सकती हैं।

(आईएएनएस इनपुट के साथ)

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia