प्रियंका गांधी ने मलप्पुरम में ‘कुम्हारों के गांव’ का किया दौरा और कारीगरों से बातचीत की, शेयर की वीडियो
वीडियो में प्रियंका गांधी कुम्बारा को एक विरासत गांव के रूप में बढ़ावा देने और कारीगरों को उनके मिट्टी के बर्तनों के विपणन और बिक्री में सहायता करने के बारे में बात करती हुई सुनाई दे रही हैं।

कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने नीलांबुर के पास ‘कुम्हारों के गांव’ के नाम से मशहूर कुम्बारा का दौरा किया और कारीगरों और उनके परिवारों से बातचीत की। प्रियंका गांधी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर इस दौरे का एक वीडियो रविवार को साझा किया। प्रियंका गांधी वायनाड लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करती हैं, जिसमें मलप्पुरम जिले का नीलांबुर क्षेत्र भी शामिल है। वह तीन दिवसीय दौरे पर इस निर्वाचन क्षेत्र में थीं।
वीडियो में प्रियंका गांधी कुम्बारा को एक विरासत गांव के रूप में बढ़ावा देने और कारीगरों को उनके मिट्टी के बर्तनों के विपणन और बिक्री में सहायता करने के बारे में बात करती हुई सुनाई दे रही हैं।
उन्होंने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि वायनाड में नीलांबुर के सदियों पुराने ‘कुम्हारों के गांव’ जैसे कई अनमोल रत्न छिपे हुए हैं। उन्होंने कहा, “उनकी कारीगरी की गुणवत्ता पीढ़ियों से चली आ रही शिक्षा और कौशल के हस्तांतरण का प्रमाण है, जो हमारी विरासत के लिए अत्यंत मूल्यवान है। पारंपरिक मिट्टी के बर्तनों से लेकर फोन के स्पीकर और चित्र बनाने जैसे नवाचारों तक, उनकी नयी तरह की रचनात्मकता को देखना अत्यंत दिलचस्प था।”
उन्होंने कहा कि वायनाड लोकसभा क्षेत्र के कुम्हारों की समस्याओं को सुनना महत्वपूर्ण है, ताकि उन्हें बड़े बाजार से जोड़ने और उनकी आय बढ़ाने के प्रयास किए जा सकें।
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia