अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर प्रियंका गांधी करेंगी पैदल मार्च, लखनऊ में गूंजेगा 'लड़की हूं, लड़ सकती हूं' का नारा

कांग्रेस नारी शक्ति की बदौलत राजनीति की तस्वीर बदलने की कोशिश में है। इसी कड़ी में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी 8 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर लखनऊ में पैदल मार्च करेंगी, जिसमें पूरे देश से कांग्रेस की निर्वाचित महिला जनप्रतिनिधि शामिल होंगी।

फोटोः सोशल मीडिया
फोटोः सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

कांग्रेस नारी शक्ति की बदौलत उत्तर प्रदेश में राजनीति की तस्वीर बदलने की कोशिश करने में लगी हुई है। इसी कड़ी में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी 8 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर लखनऊ में पैदल मार्च करेंगी। प्रियंका गांधी के साथ इस मार्च में देश भर से कांग्रेस की निर्वाचित महिला जनप्रतिनिधियों के साथ पार्टी की सभी महिला पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल होंगी।

कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने सोशल मीडिया के माध्यम से बताया कि, 'लड़की हूं, लड़ सकती हूं' की हुँकार पूरे देश में उद्घोष बनकर गूंज रही है। 8 मार्च को महिला दिवस पर लखनऊ 'लड़की हूं, लड़ सकती हूं' मार्च के जरिए इतिहास रचने जा रहा है। इसके अलावा उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि आप भी इस मार्च में प्रियंका गांधी के साथ कदम से कदम मिलाकर इतिहास का हिस्सा बनिए।


उत्तर प्रदेश में कांग्रेस लगातार महिलाओं और युवाओं के मुद्दे को राजनीति के केंद्र में लाने की कोशिश कर रही है। यूपी चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस ने 40 प्रतिशत महिला उम्मीदवारों को टिकट देने की घोषणा की थी और ऐसा ही किया भी। कांग्रेस के इस कदम से प्रदेश की राजनीति में महिलाओं और युवाओं के मुद्दे केंद्र में आ गए।

कांग्रेस के अनुसार, इस अभियान में पूरे देश से कांग्रेस की निर्वाचित महिला जनप्रतिनिधि शामिल होंगी। सुबह 10 बजे से शुरू होने वाला यह मार्च बेगम हजरत महल चौराहे से ऊदा देवी चौराहा होते हुए जीपीओ स्थित गांधी प्रतिमा के पास खत्म होगा। वहीं इस मार्च में डॉक्टर्स, सेविकाओं, शिक्षिकाओं के साथ खेल और सिने जगत से जुड़ी महिलाओं के अलावा कांग्रेस की महिला पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल होंगी।


अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर होने वाले इस कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस ने पूरी रूप रेखा तैयार कर ली है। प्रदेश कांग्रेस प्रियंका गांधी के कार्यक्रम को देखते हुए अपनी पूरी ताकत झोंकने में लगी हुई है। पार्टी दावा कर रही है कि इस कार्यक्रम में भारी तादाद में महिलाओ के शामिल होने की उम्मीद है और यह अपने आप में एक रिकॉर्ड भी होगा।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia