वादा ‘विश्वगुरु’ बनाने का, लेकिन देश को मिला पेपर लीक और बेतहाशा महंगाईः कांग्रेस

कांग्रेस ने कहा कि पीएम मोदी ने कहा था कि लोकतंत्र को मजबूत करेंगे, लेकिन साफ दिख रहा है कि कैसे बीजेपी ने अलग-अलग राज्यों में 'वोट चोरी' कर सरकार बनाई है। मणिपुर में बीते तीन साल से हिंसा जारी है, वहां सैकड़ों लोगों की मौत हो चुकी है।

वादा ‘विश्वगुरु’ बनाने का, लेकिन देश को मिला पेपर लीक और बेतहाशा महंगाईः कांग्रेस
i
user

नवजीवन डेस्क

google_preferred_badge

कांग्रेस ने केंद्र में बीजेपी के नेतृत्व वाली सरकार के 12 साल पूरे होने के मौके पर मंगलवार को आरोप लगाया कि मोदी सरकार ने भारत को विश्वगुरु बनाने का वादा किया था, लेकिन इतने वर्षों में देश आर्थिक बदहाली, महंगाई, बेरोजगारी, पेपर लीक और सामाजिक विभाजन जैसी चुनौतियों से घिर गया।

कांग्रेस के शोध विभाग के प्रमुख राजीव गौड़ा और मीडिया विभाग में शोध मामलों के प्रभारी अमिताभ दुबे ने अर्थव्यवस्था, महंगाई, विदेश नीति और कई अन्य बिंदुओं का उल्लेख करते हुए मोदी सरकार पर विफलता का आरोप लगाया और कहा कि सिर्फ प्रचार किया जा रहा है, जबकि लोगों के जीवन में कोई सार्थक बदलाव नहीं आया।

राजीव गौड़ा ने कहा, ‘‘मोदी सरकार ने घोषणा की है कि वह उज्ज्वला लाभार्थियों को दिए जाने वाले एलपीजी सिलेंडरों की संख्या नौ से घटाकर चार कर रही है। ठीक 10 साल पहले, यह घोषणा की गई थी कि भारत की महिलाओं को अब खाना पकाने के खतरनाक और हानिकारक तरीकों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा और उज्ज्वला कार्यक्रम के प्रत्येक लाभार्थी के लिए 12 सिलेंडर देने का वादा किया गया था। तीसरी बार प्रधानमंत्री के रूप में शपथ लेने की सालगिरह पर प्रधानमंत्री मोदी ने भारत की महिलाओं और परिवारों के खिलाफ यह प्रहार करने का फैसला किया है।’’


उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 12 वर्षों में वादों के साथ-साथ बड़ी घोषणाएं, बड़े-बड़े बयान और सुर्खियां भी जुड़ी हैं, लेकिन वास्तविकता यह है कि लोगों के जीवन में सार्थक बदलाव नहीं आया। राज्यसभा के पूर्व सदस्य ने कहा, ‘‘कहा गया था कि लोगों को महंगाई से राहत मिलेगी, लेकिन सच्चाई यह है कि 2014 से अब तक एलपीजी का दाम 123 प्रतिशत बढ़ा है। पेट्रोल का दाम 44 प्रतिशत और डीजल का 73 प्रतिशत बढ़ा है। दूध के दाम में 71 प्रतिशत और दाल की कीमत 84 प्रतिशत बढ़ी है।’’

कांग्रेस नेता अमिताभ दुबे ने केंद्र सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि भारत को विश्वगुरु बनाने का वादा किया गया था, लेकिन आज हकीकत सामने है और साफ दिख रहा है कि क्या हालात हैं और दुनिया के एक हिस्से में चल रहे युद्ध का भारत पर कितना असर पड़ रहा है। उन्होंने दावा किया, ‘‘भारत खाद उत्पादन में आत्मनिर्भर होने वाला है, लेकिन सच्चाई यह है कि एलएनजी का उत्पादन 25 प्रतिशत कम हो गया है और यूरिया का उत्पादन काफी हद तक घट गया है।’’

अमिताभ दुबे ने कहा, ‘‘मोदी सरकार ने कहा था कि शिक्षा व्यवस्था का आधुनिकीकरण किया जाएगा, जबकि सच्चाई ये है कि लगातार पेपर लीक हो रहे हैं। सीबीएसई के ओएसएम प्रणाली ने छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है और निविदा प्रक्रिया में भी घपला हुआ है। अब तक 89 पेपर लीक हुए हैं और 48 परीक्षाएं दोबारा करानी पड़ी हैं।’’ उन्होंने कहा कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को तत्काल इस्तीफा होना चाहिए।


कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था कि लोकतंत्र को मजबूत करेंगे, लेकिन साफ दिख रहा है कि कैसे बीजेपी ने अलग-अलग राज्यों में 'वोट चोरी' कर सरकार बनाई है। मणिपुर में बीते तीन साल से हिंसा जारी है, वहां सैकड़ों लोगों की मौत हो चुकी है और 60 हजार लोग बेघर हो गए।’’ दुबे ने आरोप लगाया कि जब जिम्मेदारी लेने का समय आता है, तो प्रधानमंत्री मोदी गायब हो जाते हैं।

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia