PUC Certificate: गाड़ी का प्रदूषण सर्टिफिकेट कितने दिन चलेगा? बदले नियम, किसे फायदा-किसे नुकसान

केंद्र सरकार ने PUC सर्टिफिकेट की वैधता बदल दी है। नई BS-VI कारों और बाइक को 3 साल की राहत मिलेगी, जबकि पुराने वाहनों की जांच अब जल्दी होगी।

फोटो: IANS
i
  • केंद्र सरकार ने PUC सर्टिफिकेट की वैधता अवधि बदल दी है। नए BS-VI निजी वाहनों को अब तीन साल तक राहत मिलेगी।

  • BS-VI व्यावसायिक वाहनों के लिए वैधता दो साल और छह से दस साल पुराने वाहनों के लिए एक साल रहेगी।

  • पुराने वाहनों पर सख्ती बढ़ी है। BS-I से BS-III वाहनों को हर तीन महीने और BS-IV वाहनों को हर छह महीने में जांच करानी होगी।

  • नए नियम लागू होने के बाद पहली बार PUC रिन्यू कराने पर नई अवधि लागू होगी। पहले से जारी सर्टिफिकेट अपनी तय अवधि तक मान्य रहेंगे।

अगर आपके पास कार, बाइक या स्कूटर है तो ये खबर आपके लिए है। दरअसल प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र यानी PUC को लेकर केंद्र सरकार ने बड़ा बदलाव किया है। नए नियमों के तहत अब सभी वाहनों को हर साल प्रदूषण जांच कराकर सर्टिफिकेट रिन्यू कराने की जरूरत नहीं होगी। कुछ नई गाड़ियों के मालिकों को लगातार तीन साल तक इस झंझट से राहत मिलेगी। वहीं, पुराने वाहनों के मालिकों के लिए नियम पहले से ज्यादा सख्त कर दिए गए हैं।

केंद्र सरकार ने गुरुवार को PUC सर्टिफिकेट की वैधता अवधि में बदलाव किया। अब यह अवधि वाहन के भारत स्टेज (BS) उत्सर्जन मानक, उसकी उम्र और इस बात पर निर्भर करेगी कि वाहन निजी इस्तेमाल में है या व्यावसायिक। इस बदलाव का सबसे ज्यादा फायदा 6 साल तक पुराने BS-VI मानक वाले निजी कार, मोटरसाइकिल और स्कूटर मालिकों को मिलेगा। उनका PUC सर्टिफिकेट अब एक साल के बजाय तीन साल तक वैध रहेगा।

किस गाड़ी का सर्टिफिकेट कितने समय तक रहेगा?

नए नियमों में जहां नए और कम उम्र वाले BS-VI वाहनों को राहत दी गई है, वहीं पुराने वाहनों की प्रदूषण जांच का अंतराल कम कर दिया गया है। BS-I, BS-II और BS-III वाहनों के मालिकों को अब हर 6 महीने के बजाय हर तीन महीने में PUC सर्टिफिकेट रिन्यू कराना होगा। BS-IV वाहनों के लिए भी वैधता 12 महीने से घटाकर 6 महीने कर दी गई है।

6 साल तक पुराने BS-VI निजी वाहनों को तीन साल की वैधता मिलेगी, जबकि इसी उम्र के व्यावसायिक वाहनों के लिए यह अवधि दो साल तय की गई है। 6 से दस साल पुराने BS-VI वाहनों के लिए एक साल की अवधि पहले की तरह बरकरार रखी गई है। वहीं, 10 साल से ज्यादा पुराने BS-VI वाहनों को अब हर 6 महीने में नया सर्टिफिकेट लेना होगा।

PUC Certificate: गाड़ी का प्रदूषण सर्टिफिकेट कितने दिन चलेगा? बदले नियम, किसे फायदा-किसे नुकसान

आज से लागू होंगे नए नियम, पुराने सर्टिफिकेट पर असर नहीं

सरकार की ओर से किए गए बदलावों के मुताबिक, पहले से जारी PUC सर्टिफिकेट अपनी मौजूदा वैधता के अनुसार, ही चलते रहेंगे। नए नियम लागू होने के बाद जब वाहन मालिक पहली बार सर्टिफिकेट रिन्यू कराएंगे, तब नई अवधि लागू होगी।

रिन्यूअल की तारीख को लेकर भी व्यवस्था स्पष्ट की गई है। अगर कोई वाहन मालिक सर्टिफिकेट की समाप्ति से 10 दिन पहले तक इसे रिन्यू करा लेता है तो नए सर्टिफिकेट की वैधता पुराने सर्टिफिकेट की समाप्ति की तारीख से शुरू होगी। लेकिन अगर सर्टिफिकेट की अवधि खत्म होने के बाद रिन्यू कराया जाता है तो नई वैधता रिन्यूअल वाले दिन से गिनी जाएगी।

विशेषज्ञों ने उठाए सवाल, सिर्फ जांच की अवधि बदलने से नहीं घटेगा प्रदूषण

PUC सर्टिफिकेट की वैधता बढ़ाने और घटाने के फैसले पर विशेषज्ञों ने मिली-जुली प्रतिक्रिया दी है। दिल्ली सरकार के परिवहन विभाग के पूर्व डिप्टी कमिश्नर और ऑटोमोटिव विशेषज्ञ अनिल छिकारा का कहना है कि केवल जांच का अंतराल बदलने से वाहन प्रदूषण में ज्यादा कमी नहीं आएगी। अगर BS-VI वाहन का रखरखाव ठीक नहीं है तो वह BS-IV वाहन से भी ज्यादा प्रदूषण फैला सकता है।

वहीं, इंटरनेशनल काउंसिल ऑन क्लीन ट्रांसपोर्टेशन के भारत प्रबंध निदेशक अमित भट्ट ने नए बदलाव का स्वागत किया है। हालांकि, उन्होंने मौजूदा PUC जांच व्यवस्था की एक कमी भी बताई। उनके मुताबिक, वर्तमान जांच में पार्टिकुलेट मैटर (PM) और नाइट्रोजन ऑक्साइड (NOx) के उत्सर्जन का पता नहीं चलता, जबकि ये दोनों प्रदूषक सार्वजनिक स्वास्थ्य के लिहाज से महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने भविष्य में जांच के दायरे में इन प्रदूषकों को शामिल करने की जरूरत बताई।

इस बीच, सड़क परिवहन मंत्रालय ने एक अलग अधिसूचना में सीमा सड़क संगठन (BRO) के उन निर्माण उपकरण वाहनों को CEV Stage V उत्सर्जन मानकों से छूट देने का प्रस्ताव रखा है, जिनका इस्तेमाल 1,700 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले परिचालन क्षेत्रों में किया जाता है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए