पंजाबः चरणजीत चन्नी सरकार के 15 मंत्रियों ने ली शपथ, युवा चेहरों को तरजीह, क्षेत्रीय-सामाजिक संतुलन भी दिखा

पंजाब की चरणजीत चन्नी सरकार के 15 मंत्रियों का आज शपथ ग्रहण हुआ। राजभवन में ब्रह्म मोहिंद्रा, मनप्रीत बादल, तृप्त बाजवा, अरुणा चौधरी, सुखबिंदर सरकारिया, रजिया सुल्ताना, विजय इंदर सिंगला, भारत भूषण, रणदीप सिंह नाभा अमरिंदर सिंह राजा ने मंत्री पद की शपथ ली।

फोटोः ANI
फोटोः ANI
user

नवजीवन डेस्क

पंजाब की कांग्रेस सरकार के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी की कैबिनेट के मंत्रियों का आज शपथ ग्रहण हुआ। चंडीगढ़ में राजभवन में राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित ने शाम साढ़े चार बजे नए मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। आज के शपथ ग्रहण में 15 विधायकों ने चन्नी कैबिनेट के मंत्री के रूप में शपथ ली। इस तरह चन्नी कैबिनेट में दो उपमुख्यमंत्रियों और 15 मंत्रियों को मिलाकर कुल 18 सदस्य हो गए हैं।

आज चरणजीत चन्नी कैबिनेट में शामिल होने वालों में ब्रह्म मोहिंद्रा, मनप्रीत सिंह बादल, राजिंदर बाजवा, अरुणा चौधरी, सुखविंदर सिंह सरकारिया और राणा गुरजीत सिंह के नाम शामिल हैं। इनके अलावा रजिया सुल्ताना, विजय इंदर सिंगला, भारत भूषण आशु, रणदीप सिंह नाभा, राज कुमार वेरका, संगत गिलजियान, परगट सिंह, अमरिंदर सिंह राजा वारिंग और गुरकीरत कोटली ने भी पंजाब सरकार में मंत्री के रूप में शपथ ली।


शपथ ग्रहण के बाद पंजाब कांग्रेस के प्रभारी हरीश रावत ने सभी नए मंत्रियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि चरणजीत चन्नी सरकार के कैबिनेट मंत्रियों का चुनाव युवा चेहरों को लाने और सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन बनाने के लिए किया गया है। उन्होंने कहा कि जिन्हें आज मंत्री नहीं बनाया जा सका, उन्हें सरकारी व्यवस्था और संगठन में जगह दी जाएगी।

गौरतलब है कि पंजाब सीएम चरणजीत सिंह चन्नी ने मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने वाले चेहरों को लेकर शनिवार को दिल्ली में पार्टी आलाकमान के साथ अंतिम चरण की चर्चा की थी। मंत्रियों की अंतिम सूची तैयार होने के बाद मुख्यमंत्री चन्नी ने शनिवार दोपहर में राजभवन पहुंचकर राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित से मुलाकात की और उनसे शपथ ग्रहण के लिए समय देने का आग्रह किया। इसके बाद राजभवन की ओऱ से पंजाब के नए मंत्रियों के शपथ ग्रहण के लिए आज की तारीख तय की गई।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia


/* */