'आप के गुंडों ने की कांग्रेस के दलित कार्यकर्ता की हत्या', पंजाब कांग्रेस ने मान सरकार पर बोला तीखा हमला

पंजाब में कांग्रेस के एक दलित कार्यकर्ता की हत्या को लेकर पंजाब सरकार ने नवनियुक्त मान सरकार पर तीखा हमला बोला है। पंजाब कांग्रेस का आरोप है कि कार्यकर्ता की मौत आप कार्यकर्ता द्वारा किए गए जानलेवा हमले के कारण हुई है।

फोटो : सोशल मीडिया
फोटो : सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

पंजाब में विधानसभ चुनावों नतीजों के सामने आने के दो दिन बाद दलित समुदाय के एक कांग्रेस कार्यकर्ता पर जानलेवा हमला किया गया। फिरोजपुर जिले में हुए इस हमले का आरोप आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं पर है। हमले के कोई दो सप्ताह बाद इस कार्यकर्ता की मंगलवार को अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। कार्यकर्ता का नाम इकबाल सिंह था।

इकबाल सिंह की मौत के बाद पंजाब कांग्रेस के निवर्तमान अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और इस हमले के लिए भगवंत मान कि अगुवाई वाली आप सरकार पर हमला बोला। सिद्धू ने इकबाल के परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी की मांग उठाई है। सिद्धू ने कहा कि, “न्याय में देरी भी नाइंसाफी ही होती है। इस हमले के आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाना चाहिए।”

सिद्धू ने कहा कि, “जीरा निर्वाचन क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ता की बेरहमी से हत्या कर दी गई, आज कसोआना गांव मं पीड़ित परिवार से मिला, इस मामले को प्रशासन तक ले जाऊंगा। दोषियों को गिरफ्तार किया जाना चाहिए।”

वहीं जीरा से कांग्रेस विधायक कुलबीर सिंह ने भी आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की है। कुलबीर सिंह ने कहा कि, “इकबाल पर जान लेने की नीयत से हमला किया गया था। मेरी मुख्यमंत्री भगवंत मान से विनती है कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाएं...”

इसके अलावा पंजाब के पूर्व मंत्री और कांग्रेस विधायक परगट सिंह ने भी इंसाफ की मांग की है। पंजाब कांग्रेस प्रवक्ता अमृत गिल ने कहा कि जब से आम आदमी पार्टी की सरकार आई है आप कार्यकर्ता हुड़दंग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अराजकता फैलाना आप की पहचान है, कई ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं जहां आप कार्यकर्ताओं ने अफसरों और डॉक्टरों तक पर हमले किए हैं।


इकबाल सिंह को हमले के बाद फरीदकोट के गुरु गोबिंद सिंह अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन इलाज के बीच ही उसकी मौत हो गई। एक कांग्रेस कार्यकर्ता ने बताया कि, ”वह दो सप्ताह तक मौत से लज़ता रहा, आखिरकार उसकी जान चली गई।“ पुलिस ने इकबाल सिंह की मौत के बाद मामले को हत्या की धाराओं में बदल दिया है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों पर विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि इकबाल सिंह के भाई की तहरीर पर 13 मार्च को ही मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस के मुताबिक आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा। लैकिन आश्चर्य की बात है कि इस घटना पर आप की तरफ से अभी तक कोई बयान नहीं आया है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia