चरणजीत सिंह चन्नी बने पंजाब के नए CM, ओपी सोनी और सुखजिंदर सिंह रंधावा ने भी ली डिप्टी सीएम पद की शपथ

कांग्रेस नेता चरणजीत सिंह चन्नी ने पंजाब के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। वहीं सुखजिंदर सिंह रंधावा और ओपी सोनी ने डिप्टी सीएम पद की शपथ ली। कार्यक्रम में कांग्रेस नेता राहुल गांधी, पंजाब प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू और हरीश रावत भी मौजूद थे।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

कांग्रेस के नए विधायक दल के नेता चरणजीत सिंह चन्नी ने पंजाब के 16वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ले ली है। शपथ ग्रहण का ये कार्यक्रम चंडीगढ़ में आयोजित किया गया। सुखजिंदर सिंह रंधावा और ओपी सोनी ने डिप्टी सीएम पद की शपथ ली। कार्यक्रम में कांग्रेस नेता राहुल गांधी, पंजाब प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू और हरीश रावत भी मौजूद थे।

जानकारी के अनुसार कार्यक्रम में 40 लोगों को आमंत्रित किया गया था। पंजाब के राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित ने राजभवन में आयोजित एक समारोह में चन्नी को शपथ दिलाई। चन्नी और उनके दोनों डिप्टी ने पंजाबी में शपथ ली। बता दें चन्नी राज्य में सीएम पद संभालने वाले पहले दलित हैं।

आपको बता दें, अमरिंदर सिंह ने रविवार को अपने 58 वर्षीय उत्तराधिकारी को बधाई देते हुए कहा, "चरणजीत सिंह चन्नी को मेरी शुभकामनाएं। मुझे उम्मीद है कि वह पंजाब के सीमावर्ती राज्य को सुरक्षित रखने और सीमा पार से बढ़ते सुरक्षा खतरे से हमारे लोगों की रक्षा करने में सक्षम होंगे।"

शपथ ग्रहण समारोह से पहले मनोनीत मुख्यमंत्री ने सोमवार सुबह अपने गृह क्षेत्र चमकौर साहिब स्थित गुरुद्वारा कटालगढ़ साहिब में मत्था टेका। रूपनगर जिले के चमकौर साहिब विधानसभा क्षेत्र से तीन बार के विधायक, चन्नी 2012 में कांग्रेस में शामिल हुए थे और निवर्तमान कैबिनेट में तकनीकी शिक्षा, औद्योगिक प्रशिक्षण, रोजगार सृजन और पर्यटन और सांस्कृतिक मामलों के विभागों को संभाल रहे थे।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia