पंजाब चुनाव: AAP के फिल्म अभिनेत्री को सीएम कुर्सी के रूप में दिखाने पर बवाल, कांग्रेस ने जताई आपत्ति

कांग्रेस प्रवक्ता अल्का लांबा ने कहा कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार के मंत्रिमंडल में एक भी महिला मंत्री नहीं बनाई गई। फिर इस तरह से पंजाब चुनाव में महिला को दर्शाना इनकी सोच को दिखाता है। अब समय आ गया है कि पंजाब की महिलाएं, बेटियां इनको जवाब दें।

फोटोः IANS
फोटोः IANS
user

नवजीवन डेस्क

पंजाब चुनाव में आम आदमी पार्टी की ओर से संगरूर से सांसद भगवंत मान को अपना सीएम चेहरा घोषित करने के बाद सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक वीडियो पर अब विवाद हो गया है। वीडियो में फिल्म अभिनेत्री को सीएम कुर्सी के रूप में दर्शाने पर कांग्रेस नेताओं और महिलाओं ने आपत्ति जाहिर की है।

दरअसल सोशल मीडिया पर साझा किए गए इस वीडियो के एक दृश्य को लेकर बवाल मचा हुआ है। यह एक फिल्म के गाने का वीडियो है, जिसमें अभिनेत्री विद्या बालन को सीएम की कुर्सी के तौर पर पेश किया गया है, जिसे पाने के लिए राज्य के कई नेता गाने गाकर रिझाने की कोशिश कर रहे हैं।

कांग्रेस नेत्री अलका लांबा ने इस वीडियो पर आम आदमी पार्टी को निशाना बनाते हुए कहा कि, पार्टी जब बनी तो भगत सिंह के गीतों के गाने गूंजते थे, अब इनके चरित्र में इतना बदलाव आ गया कि 2022 के पंजाब के चुनाव एक फिल्मी गाने पर लड़ना चाह रहे हैं और उस गाने में महिला अभिनेत्री को सीएम की कुर्सी के तौर पर दिखाया जा रहा है।

कांग्रेस प्रवक्ता अल्का लांबा ने कहा कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार के मंत्रिमंडल में एक भी महिला मंत्री नहीं बनाई गई। फिर इस तरह से पंजाब चुनाव में महिला को दर्शाना इनकी सोच को दिखाता है। अब समय आ गया है कि पंजाब की महिलाएं, बेटियां इनको जवाब दें।


वहीं, बीजेपी नेता मनजिंदर सिंह सिरसा ने इस वीडियो पर आपत्ति जताते हुए पंजाब के चीफ इलेक्टोलर ऑफिसर को चिट्ठी लिखकर शिकायत दर्ज कराई है। वहीं दूसरी ओर दिल्ली बीजेपी प्रवक्ता और भाजपा महिला मोर्चा की नीतू डबास ने भी इस वीडियो पर नाराजगी व्यक्त की है। साथ ही वह जल्द ही इस मसले पर राष्ट्रीय महिला आयोग में शिकायत करने पर भी विचार कर रही हैं।

उन्होंने बताया कि एक गाने का इस्तेमाल कर एक महिला को सीएम की कुर्सी के रूप में दिखाना बेहद गलत है। यह आम आदमी पार्टी की महिलाओं के प्रति सोच को दर्शाता है।
उन्होंने आगे आम आदमी पार्टी पर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके 12 विधायकों पर महिलाओं के साथ छेड़छाड़ के आरोप हैं। यही इनकी महिलाओं को लेकर सोच दर्शाती है।

आम आदमी पार्टी ने वीडियो को 'दिल दा मामला है' गाने पर बनाया है। इसमें पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू को दिखाया गया है। दोनों नेताओं को आपस में सीएम कुर्सी की खातिर लड़ते दिखाया गया है। वहीं विद्या बालन को सीएम की कुर्सी के तौर पर पेश किया गया है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia