पंजाब: मोगा में आम आदमी पार्टी की रैली के दौरान धमाका, कॉफी मशीन फटने से एक व्यक्ति हुआ घायल

आम आदमी पार्टी की प्रस्तावित महारैली से पहले रैली स्थल पर तैयारियों के दौरान अचानक कॉफी मशीन में जोरदार धमाका हुआ। मशीन का एक हिस्सा उछलकर वहां काम कर रहे एक व्यक्ति के सिर पर जा लगा।

मोगा में आम आदमी पार्टी की रैली के दौरान धमाका
i

पंजाब के मोगा में आम आदमी पार्टी की प्रस्तावित महारैली से पहले एक बड़ा हादसा हो गया। रैली स्थल पर तैयारियों के दौरान अचानक कॉफी मशीन में जोरदार धमाका हुआ। मशीन का एक हिस्सा उछलकर वहां काम कर रहे एक व्यक्ति के सिर पर जा लगा। हादसे में व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।

दरअसल, इस महारैली के जरिए आम आदमी पार्टी 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए अपने अभियान का आगाज करने जा रही है। पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत मान रैली को संबोधित करेंगे। इस दौरान केजरीवाल पंजाब के विकास और खुशहाली को लेकर पार्टी का भविष्य का रोडमैप पेश करेंगे। वहीं, मुख्यमंत्री मान अपनी सरकार के पांच साल के कामकाज का रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने रखेंगे।

AAP पंजाब के मीडिया प्रभारी बलतेज पन्नू ने बताया कि रैली में केजरीवाल और मुख्यमंत्री मान के अलावा पूरी कैबिनेट तथा पार्टी के वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे। उन्होंने इस आयोजन को पंजाब की राजनीति के लिहाज से अहम बताते हुए कहा कि इसके साथ ही 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को औपचारिक रूप से गति मिलेगी।

पांच गारंटियों और सरकार के कामकाज पर रहेगा जोर

आम आदमी पार्टी का दावा है कि 2022 के विधानसभा चुनाव में जनता से किए गए वादों और पांच प्रमुख गारंटियों को सरकार ने पूरा किया है। रैली के दौरान इन्हीं दावों और उपलब्धियों के आधार पर पार्टी लोगों से दोबारा समर्थन की अपील करेगी।

इसके अलावा केंद्र सरकार के साथ पंजाब के पानी, चंडीगढ़ और राज्य को मिलने वाले फंड जैसे मुद्दों पर भी बात हो सकती है। पार्टी इन मामलों में केंद्र पर पंजाब के साथ भेदभाव करने का आरोप लगाती रही है। वहीं, भाजपा और अकाली दल के बीच गठबंधन को लेकर भी AAP नेता विपक्ष पर हमला बोल सकते हैं।

सरकार की ओर से शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में किए गए काम, मोहल्ला क्लीनिक, महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा और 10 लाख रुपये तक के स्वास्थ्य बीमा जैसी योजनाओं को भी प्रमुखता से गिनाया जाएगा।

116 एकड़ में बनाया गया विशाल रैली स्थल

मोगा-लुधियाना रोड पर स्थित मटवानी गांव में सुबह 11 बजे से महारैली शुरू होने का कार्यक्रम है। AAP नेता कुलदीप सिंह धालीवाल के मुताबिक, रैली के लिए करीब 116 एकड़ जमीन पर विशाल पंडाल तैयार किया गया है।

लोगों की सुविधा के लिए दो अलग-अलग स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही लंगर, पीने के पानी और शौचालय की सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं। रैली को देखते हुए पंजाब पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने भी सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए