पंजाब ने रोका हरियाणा का पानी, कांग्रेस नेता बोले- भटका रही आप सरकार, सीएम सैनी सर्वदलीय बैठक बुलाएं
अशोक अरोड़ा ने कहा कि इस बात को खारिज नहीं किया जा सकता है कि पंजाब की सरकार एक विफल सरकार रही है। पंजाब की जनता इस सरकार की कार्यशैली से त्रस्त हो चुकी है। इसी को देखते हुए पंजाब सरकार लोगों का ध्यान भटकाने के लिए इस तरह के कदम उठा रही है।

हरियाणा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और थानेसर से विधायक अशोक अरोड़ा ने बुधवार को पंजाब सरकार की तरफ से हरियाणा का पानी रोके जाने पर नाराजगी जताई। उन्होंने इसे राज्य का हक बताया। उन्होंने ये भी कहा कि पंजाब की आप सरकार लोगों को भटका रही है। इस मामले में हरियाणा का हरेक नेता प्रदेश के साथ खड़ा है।
अशोक अरोड़ा ने कहा कि इस बात को खारिज नहीं किया जा सकता है कि पंजाब की सरकार एक विफल सरकार रही है। यह सरकार जनता की उम्मीदों पर बिल्कुल भी खरी नहीं उतर पाई है। पंजाब की जनता इस सरकार की कार्यशैली से त्रस्त हो चुकी है। इसी को देखते हुए पंजाब सरकार लोगों का ध्यान भटकाने के लिए इस तरह के कदम उठा रही है। सरकार को लग रहा है कि उन्हें कोई समझ नहीं पा रहा है, लेकिन यह उनकी गलतफहमी है। उन्हें हर कोई समझ रहा है।
कांग्रेस नेता ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मांग की कि वह इस मामले में सर्वदलीय बैठक बुलाएं और इस पर खुलकर चर्चा करें, ताकि जल्द से जल्द किसी नतीजे पर पहुंचा जा सके। इस समय हरियाणा का हर नेता, हर राजनीतिक दल, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ है। हम नायब सिंह सैनी को यही कहेंगे कि वह जल्द से जल्द कोई कदम उठाएं।
इसके अलावा, उन्होंने भाजपा नेता मनीष सिंगला के डीएसपी जितेंद्र सिंह राणा से माफी मंगवाने वाले वीडियो पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि यह पूरी तरह गलत है। इस तरह का व्यवहार हरियाणा पुलिस के साथ नहीं किया जाना चाहिए। निश्चित तौर पर इस तरह के व्यवहार से पुलिस का मनोबल गिरेगा। आखिर उस डीएसपी का कसूर ही क्या था? वह तो बस मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में नियमों के अनुरूप अपना काम ही कर रहा था। लेकिन, जिस तरह से उसके काम में हस्तक्षेप कर उसे जलील किया गया, उससे माफी मंगवाई गई, उससे पुलिस का मनोबल गिरेगा और कार्यशैली में भी गिरावट आएगी।
उन्होंने कहा कि इसकी जितनी निंदा की जाए, कम है। एक पुलिस अधिकारी सिर्फ अपनी ड्यूटी ही तो कर रहा है। मान लीजिए, अगर वह पुलिस अधिकारी मुख्यमंत्री के किसी कार्यक्रम में थोड़ी सी भी लापरवाही बरत दे, तो इसका क्या नतीजा सामने आ सकता है। यह घटनाक्रम रविवार का है, जब बीजेपी नेता मनीष सिंगला मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के कार्यक्रम में पहुंचे थे, लेकिन डीएसपी जितेंद्र सिंह राणा ने उन्हें मंच से उतार दिया था। इस बीच, मनीष सिंगला उन्हें अपनी पहचान बताते रहे। उन्होंने यहां तक कहा कि अगर वह चाहें, तो उनकी फोन पर बात भी करा सकते हैं, लेकिन डीएसपी ने एक नहीं सुनी। इसके बाद मनीष सिंगला ने डीएसपी से माफी मंगवाई, जिसका वीडियो भी सामने आया है, लेकिन अब बीजेपी नेता के इस कृत्य पर सवाल उठ रहे हैं।
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia