पंजाब: AAP की सरकार में चरम पर खनन माफिया का आतंक! अवैध खनन रोकने गए किसान नेता को ट्रैक्टर से कुचलकर मार डाला

ट्रैक्टर-ट्रॉली से कुचले जाने के बाद गंभीर रूप से घायल किसान नेता गुरचरण सिंह को तुरंत सरकारी अस्पताल डेराबस्सी ले जाया गया। यहां पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

फोटो: सोशल मीडिया
i

पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार में बेखौफ खनन माफिया का आतंक जारी है। एक बार फिर बेखौफ खनन माफिया का आतंक देखने को मिला है। मोहाली में खनन माफिया ने भारतीय किसान यूनियन एकता उगरहां से जुड़े 70 साल के किसान नेता गुरचरण सिंह की ट्रैक्टर-ट्रॉली से कुचलकर हत्या कर दी है। किसान नेता गुरचरण सिंह बडाना के रहने वाले थे।

किसान नेता गुरचरण सिंह के बेटे भूपेंद्र सिंह ने इस संबंध में पुलिस में मामला दर्ज कराया है। हंडेसरा थाने के इंस्पेक्टर शिवदीप सिंह बराड़ ने घटना को लेकर जानकारी दी है। मृतक गुरचरण सिंह के बेटे भूपेंद्र सिंह ने अपनी शिकायत में बताया कि गांव बडाना की शामलात जमीन से खनन हो रहा था। उनके पिता ने रात करीब साढ़े 11 बजे खनन मशीनों की आवाज सुनी और इसके बाद वह मौके पहुंच गए। उनके साथ महिंदर सिंह पुत्र सुरमुख सिंह बडाना भी मौजूद थे।


पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, किसान नेता गुरचरण सिंह ने मौके पर पहुंचकर खनन कर रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली ड्राइवर को रोका और पूछा कि मिट्टी कहां पर ले जा रहे हो। ट्रैक्टर के ड्राइवर ने बताया कि यह मिट्टी हरविंदर सिंह गग्गू पुत्र कृपाल सिंह निकलवा रहे हैं। ट्रैक्टर-ट्रॉली के ड्राइवर ने फोन कर पांच से सात युवकों को मौके पर बुला लिया। युवकों ने किसान नेता से कहा कि ट्रैक्टर-ट्रॉली को जाने दें, हम हरविंदर सिंह को बुला लेंगे। बहस के दौरान मौके पर चार और युवक पहुंच गए। इनमें से एक जसविंदर सिंह उर्फ काला ने किसान नेता गुरचरण सिंह पर ट्रैक्टर-ट्रॉली चढ़ा दी। ट्रैक्टर-ट्रॉली से बुरी तरह से कुचल दिया। इसके बाद वह मौके से फरार हो गए।

गंभीर रूप से घायल किसान नेता गुरचरण सिंह को तुरंत सरकारी अस्पताल डेराबस्सी ले जाया गया। यहां पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आरोपियों की पहचान जसविंदर सिंह उर्फ काला, जसविंदर सिंह उर्फ छिंदा, हरविंदर सिंह उर्फ गग्गू समेत तीन अन्य अज्ञात लोगों के रूप में बताई है। सभी आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। इनमें से एक आरोपी जसविंदर सिंह उर्फ काला पुत्र छज्जू सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। जबकि पांच आरोपी अभी भी फरार हैं। पुलिस ने बताया कि मौके से ट्रैक्टर-ट्रॉली समेत एक मोटरसाइकिल को जब्त किया गया है। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।


वहीं, स्थानीय लोगों के मुताबिक, इलाके में मिट्टी के अवैध खनन का धंधा खुलेआम चल रहा है। इसे रोकने में राज्य सरकार नाकाम है। पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार ने बड़े-बड़े वादे और दावे किए थे, लेकिन हकीकत सभी के सामने है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए


Published: 18 Feb 2023, 9:58 AM