पंजाब के डेरों में छिपी होती है चुनावों की चाबी, हर दल के नेता जाकर टेकते हैं मत्था

पंजाब में अनुमानित डेरों की संख्या लगभग 9,000 हैं, जिसमें बड़े और छोटे दोनों ही प्रकार के डेरे शामिल हैं। इन डेरों के कुछ लोग धर्म और समुदायों के अनुयायी हैं, जबकि कुछ विशेष समुदायों से संबंधित हैं।

पंजाब के डेरा सच्चा सौदा की फाइल फोटो
पंजाब के डेरा सच्चा सौदा की फाइल फोटो

चुनावी मौसम में पंजाब के डेरों या पंथ की भूमिक हमेशा से बहुत अहम रही है। हर डेरे का अपना प्रभाव क्षेत्र है और ये डेरे बड़ी संख्या में उन मतदाताओं को प्रभावित कर सकते हैं जो उसके अनुयायी हैं। राजनीतिक दलों और नेताओं के पास चुनावों के दौरान इन पर ध्यान देने के बजाय कोई और विकल्प नहीं बचता है।

जालंधर जिले के एक सिख धर्म प्रचारक अमरीक सिंह के मुताबिक, "पंजाब का सामाजिक और धार्मिक तानाबाना कई क्षेत्रों में डेरों से प्रभावित हैं। इनमें से कुछ डेरे विशेष रूप से चुनाव के समय काफी प्रभावशाली हैं। हालांकि, क्षेत्र में डेरों की अवधारणा सदियों पुरानी है, जबकि कुछ विवादास्पद हैं और उनके स्वयंभू अब राजनीतिक परिदृश्य पर भी हावी होना शुरू हो चुके हैं।" उन्होंने कहा, "गुरमीत राम रहीम सिंह के डेरा सच्चा सौदा पंथ जैसे कुछ हाल के वर्षो में विवादों में चल रहे हैं।"

अपनी धार्मिक और सामाजिक गतिविधियों के लिए प्रसिद्ध राधा स्वामी संप्रदाय के पंजाब, हरियाणा और अन्य राज्यों में लाखों अनुयायी हैं। राधा स्वामी पंथ के अलावा पंजाब के अन्य प्रमुख डेरों में जालंधर के समीप बल्लन गांव स्थित 'डेरा सच्चा खंड' पंथ भी शामिल है। पंथ प्रमुख निरंजन दास और उपप्रमुख रामानंद सहित इसके दो शीर्ष पदाधिकारियों पर मई 2009 में ऑस्ट्रिया की राजधानी विएना स्थित एक गुरुद्वारे पर हमला किया गया था। हमले में रामानंद की मौत हो गई थी और इस घटना से 2009 में पंजाब के दोआब बेल्ट में हिंसा और तनाव भड़क गया था।

इससे पहले 2007 में डेरा सच्चा सौदा पंथ भी अप्रैल-मई 2007 में सिख समुदाय के साथ हिंसक झड़प का गवाह बना था। पंथ प्रमुख ने अप्रैल 2007 में एक समारोह के दौरान 10वें सिख गुरु गोबिंद सिंह की तर्ज पर वस्त्र पहने थे। उनके कृत्यों पर सिख समुदाय ने कड़ी आपत्ति जताई थी, जिसके बाद पंजाब, हरियाणा, जम्मू और अन्य स्थानों पर बड़े पैमाने पर हिंसा हुई थी।

अगस्त, 2017 में महिला शिष्यों से दुष्कर्म के दोषी पाए जाने पर उन्हें 20 साल कठोर कारावास की सजा सुनाई गई, जिससे पहले पंजाब और हरियाणा के कई बड़े राजनेता डेरा सच्चा सौदा प्रमुख के सामने कई वर्षों तक लाइन लगाते थे।

राज्य के अन्य विवादास्पद पंथों में जालंधर के निकट नूरमहल स्थित (दिवंगत) स्वयंभू आशुतोष महाराज के नेतृत्व वाला 'दिव्य ज्योति जागरण संस्थान' (डीजेजेएस) भी शामिल हैं। महाराज के पार्थिव शरीर को उनके अनुयायियों और संप्रदाय प्रबंधन ने जनवरी 2014 के बाद डॉक्टरों द्वारा मृत घोषित किए जाने के बाद से रखा हुआ है।

इसके अलावा बाबा पैरा सिंह भानियारेवाला के नेतृत्व वाला 'भानियारेवाला डेरा' भी विवादित डेरों में शामिल है। संप्रदाय के प्रमुख पर सिख कट्टरपंथियों द्वारा हमले के बाद उन्हें 'जेड श्रेणी' की सुरक्षा प्राप्त है। यह रोपड़ जिले के धामियाना गांव में स्थित है। उनके ज्यादातर अनुयायी दलित सिख समुदाय से हैं।

भानियारेवाला, खुद की तुलना सिख गुरुओं से करने को लेकर सिख समुदाय के साथ विभिन्न विवादों में शामिल रहा है। उन पर और उनके अनुयायियों पर हाल के वर्षो में सिखों के पवित्र ग्रंथ, गुरुग्रंथ साहिब को जलाने का आरोप है।

(आईएएनएस इनपुट के साथ)

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia