बिहार में महिलाओं से हो रहे अपराध पर राबड़ी देवी का सवाल- क्या राम राज्य में ऐसा ही होता है?

पूर्व सीएम राबड़ी देवी के नेतृत्व में आज विधान परिषद के बाहर विपक्षी सदस्यों ने नीतीश सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया और कहा कि प्रदेश में महिलाओं और बच्चियों के साथ बलात्कार और हत्या की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन सरकार को कुछ भी दिखाई नहीं देता है।

बिहार में महिलाओं से हो रहे अपराध पर राबड़ी देवी का सवाल- क्या राम राज्य में ऐसा ही होता है?
i
user

नवजीवन डेस्क

बिहार की कानून-व्यवस्था को लेकर प्रदेश की नीतीश कुमार सरकार विपक्ष के निशाने पर है। राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) और अन्य विपक्षी दलों का दावा है कि प्रदेश में लगातार महिलाओं और बच्चियों के साथ बलात्कार और हत्या की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन प्रदेश सरकार को कुछ भी दिखाई नहीं देता है। इसी कड़ी में शुक्रवार को पूर्व सीएम राबड़ी देवी के नेतृत्व में विधान परिषद के बाहर विपक्ष के विधान परिषद सदस्यों ने सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।

मीडिया से बातचीत के दौरान राबड़ी देवी ने कहा कि हर दिन हर जिले में बच्चियों और बेटियों से रेप की घटनाएं हो रही हैं। पूर्व सीएम ने प्रदेश की डबल इंजन सरकार के रामराज्य के दावे पर कहा कि आए दिन लूट-बलात्कार की घटनाएं हो रही हैं, क्या राम राज्य में ऐसा ही होता है। क्या इसे हम राम राज्य माने?


राबड़ी देवी ने राज्य में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए कहा कि सरकार को इस पर रोक लगानी चाहिए और जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि सही जवाब देने के बजाय सरकार सिर्फ फालतू की बातों से मुद्दे को भटकाने की कोशिश कर रही है। देश, राज्य और बिहार की जनता सब कुछ देख रही है।

शराबबंदी को लेकर राबड़ी देवी ने कहा कि शराब के बारे में हम ज्यादा कुछ नहीं कहेंगे। यह केंद्र सरकार और राज्य सरकार को तय करना है। वे दावा करते हैं कि यह बैन है, लेकिन असल में यह बैन कहां है? यह अभी भी जब्त हो रही है। यह बॉर्डर के जरिए आ रही है और ट्रांसपोर्ट की जा रही है। सरकार इसे आसानी से मना नहीं कर सकती। यह बॉर्डर पर तैनात पुलिस और अधिकारियों की जिम्मेदारी है। सरकार को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि बिहार में जहरीली शराब पीकर लोगों की मौत हो रही है।


वहीं आरजेडी के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स से एक पोस्ट में लिखा गया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अब अचेत कठपुतली हैं और बाकी पूरा सरकारी व्यवस्था निर्लज्ज और बेपरवाह है। हर रोज बच्चियों, महिलाओं के साथ क्रूरता और दुराचार की पराकाष्ठा पार हो रही है पर सरकार में किसी को कोई परवाह नहीं है।