राहुल गांधी ने फिर दिया पीएम मोदी को सीधा चैलेंज, बोले- वक्त आपका, जज आपका, आइए आमने-सामने बैठकर बहस करें
एक दिन पहले राहुल गांधी ने कहा था कि मोदीजी आप विदेशी मदद से प्रधानमंत्री बने और विदेशी मदद से प्रधानमंत्री बने हुए हैं। आपकी आर्थिक व्यवस्था पूरी तरह विदेशियों के नियंत्रण में है और उसे उनका समर्थन हासिल है। विदेशी सोशल मीडिया पूरी तरह आपके साथ खड़ा है।

राहुल गांधी ने 24 घंटे के अंदर दूसरी बार पीएम मोदी को खुली बहस की चुनौती दी
राहुल गांधी ने विदेशी मदद के आरोपों पर पीएम मोदी को खुला चैलेंज दिया है
जिसको आप जज बनाना चाहते हो, बना दो, मोहन भागवत जी को बिठा दो
लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने 24 घंटे के अंदर दूसरी बार पीएम मोदी को खुला चैलेंज देते हुए विदेशी मदद के दावे पर खुली बहस की चुनौती दी है। कांग्रेस नेता ने एक्स पर पोस्ट में कहा, "24 घंटे हो गए मोदी जी। मैंने आपको चैलेंज दिया है। आप कहते हो कि विपक्ष देशद्रोही है। किसी भी स्टेज पे आप जगह चुनिए, डिबेट कीजिए मेरे साथ।"
समय आपका, जगह आपकी, जज आपका
राहुल गांधी ने कहा, "देशद्रोही कौन है? विदेशी फोर्सेस का कनेक्शन किसका है? और किस प्रकार का कनेक्शन है? जल्दी से जल्दी कीजिए, डरिए मत। दोनों मिलेंगे, मीडिया होगी, देश के युवा होंगे, टेबल होगी, एक साइड आप बैठोगे, एक साइड मैं बैठूंगा। जिसको आप जज बनाना चाहते हो, बना दो। मोहन भागवत जी को बिठा दो, चलो। और फिर डिबेट करते हैं।"
अडानी से लेकर एपस्टीन तक सब पर बहस होगी
लोकसभा में नेता विपक्ष ने कहा कि "सवाल उठेंगे फाइनेंशियल सिस्टम पर, फाइनेंशियल स्ट्रक्चर पर, अमेरिका से डील कैसे हुई, क्यों हुई, इतनी जल्दी क्यों हुई, सिर्फ आपने क्यों की, कैबिनेट को क्यों नहीं बताया, अडानी का केस बंद क्यों हुआ, एपस्टीन- ऐसी बहुत सारी चीजें हैं जिसपे खुलकर डिस्कशन होगा। आ जाइए, डरिए मत। दूध का दूध, पानी का पानी कीजिए।"
बहस के लिए आ जाइए, सब साफ हो जाएगा
अंत में राहुल गांधी ने कहा, "आप एलिगेशन लगाते हैं ना मेरे ऊपर, आ जाइए, सब साफ हो जाएगा। बाकी चीजों पे आपने डिफेमेशन केस लगा रखा है, शायद 45 डिफेमेशन केस मेरे ऊपर हैं। मगर इस डिबेट मामले पर, फॉरेन कनेक्शन पर आप डिफेमेशन नहीं लगा रहे हो। लगाइए ना, वहां भी डिस्कस करेंगे, खुल के। ये सब डिस्कस करते हैं, आइए। हैप्पी दिवाली, मोदी जी।"
एक दिन पहले भी राहुल गांधी ने दी थी चुनौती
गौरतलब है कि एक दिन पहले सोमवार को राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्ट कर पीएम मोदी को विदेशी मदद के दावों पर खुली बहस की चुनौती दी थी। राहुल गांधी ने कहा, “मोदीजी, देश से झूठ बोलना बंद कीजिए। आप विदेशी मदद से प्रधानमंत्री बने और विदेशी मदद से ही प्रधानमंत्री बने हुए हैं। आपकी आर्थिक व्यवस्था पूरी तरह से विदेशियों के नियंत्रण में है और उसे उनका समर्थन हासिल है। विदेशी सोशल मीडिया पूरी तरह से आपके साथ खड़ा है।” उन्होंने आगे कहा, “मैं आपको इस मुद्दे पर खुली बहस की चुनौती देता हूं। कोई भी मंच, किसी भी समय। हिम्मत है तो आइए। आप नहीं आएंगे, क्योंकि जो मैं आपके बारे में जानता हूं, आप उससे डरते हैं।”
इसे भी पढ़ेंः राहुल गांधी ने मोदी पर 'विदेशी मदद' से प्रधानमंत्री बनने का आरोप लगाया, खुली बहस की दी चुनौती
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
