'1 नवंबर की रैली में भीड़ रोकने की कोशिश' राहुल गांधी बोले- दूसरे राज्यों के लोगों को दिल्ली आने से रोक रहे अमित शाह

राहुल गांधी ने अमित शाह पर यूपी, बिहार समेत कई राज्यों से लोगों को दिल्ली आने से रोकने का आरोप लगाया है और 1 नवंबर की विपक्षी रैली में शामिल होने की अपील की।

फोटो: सोशल मीडिया
i
  • राहुल गांधी ने कहा कि अमित शाह दूसरे राज्यों से लोगों को दिल्ली आने से रोकने की कोशिश कर रहे हैं।

  • उन्होंने यूपी, बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश, हरियाणा, तेलंगाना और पंजाब का नाम लिया।

  • राहुल गांधी ने कहा कि लाखों लोगों को वोट देने के अधिकार से वंचित किया जा रहा है।

  • उन्होंने 1 नवंबर को रामलीला मैदान में होने वाले विपक्ष की रैली में सभी लोगों से शामिल होने की अपील की।

दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 नवंबर को होने वाली विपक्ष की रैली से पहले राहुल गांधी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर गंभीर आरोप लगाए हैं। शुक्रवार को प्रेस से बात करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि गृह मंत्री पूरी कोशिश कर रहे हैं कि दूसरे राज्यों से लोग दिल्ली न पहुंच सकें। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, तेलंगाना और पंजाब से आने वाले कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ-साथ आम लोगों को भी रोका जा रहा है।

राहुल गांधी ने कहा कि रामलीला मैदान में कितने लोग पहुंचते हैं और कितने लोगों को रास्ते में रोका जाता है, इसे देखकर देश के मौजूदा हालात का अंदाजा लगाया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि लोगों में बहुत गुस्सा और गहरी भावनात्मक पीड़ा है, क्योंकि लाखों लोगों को उनके वोट देने के अधिकार से वंचित किया जा रहा है।

'वोट की चोरी से इन लोगों को फायदा पहुंचाया जा रहा'

राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि लोगों के वोट की चोरी से गौतम अडानी, मुकेश अंबानी, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और RSS प्रमुख मोहन भागवत को फायदा पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि देश में अलग-अलग जगहों पर हो रहे विरोध प्रदर्शन अलग-अलग आंदोलन नहीं हैं, बल्कि यह सभी एक ही आंदोलन का हिस्सा हैं।

उन्होंने कहा कि पूरा विपक्ष एक साथ खड़ा है और जो भी इस मुद्दे पर विरोध करना चाहता है, उसका स्वागत है। राहुल गांधी के मुताबिक, यह लड़ाई संविधान, भारत के विचार और लोगों के वोट देने के अधिकार को बचाने के लिए है। उन्होंने कहा कि वोट का अधिकार हर भारतीय की आवाज है और विपक्ष इसी अधिकार की रक्षा के लिए एकजुट हुआ है।

रामलीला मैदान में विपक्ष का मार्च, सभी से शामिल होने की अपील

राहुल गांधी ने बताया कि आज होने वाले एक कार्यक्रम बारिश की वजह से टाल दिया गया है। अब कार्यक्रम कल आयोजित किया जाएगा। इसके अगले दिन यानी 1 नवंबर को रामलीला मैदान में मार्च निकाला जाएगा। उन्होंने कहा कि दोनों कार्यक्रम लोकतंत्र को कमजोर किए जाने के मुद्दे से जुड़े हैं। राहुल गांधी ने राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं के अलावा आम लोगों से भी मार्च में शामिल होने की अपील की।

उन्होंने स्पष्ट किया कि यह किसी एक पार्टी का आंदोलन नहीं है। जो भी लोग लोकतंत्र और वोट देने के अधिकार की रक्षा के लिए विरोध करना चाहते हैं, वे इसमें शामिल हो सकते हैं। विपक्ष की 1 नवंबर की रैली विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं और वोट चोरी के आरोपों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है।  

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए