राहुल गांधी ने चुनाव आयोग से पूछे 5 सवाल, बोले- भारत का लोकतंत्र बेशकीमती, इसकी चोरी का अंजाम बहुत भयानक होगा
विपक्ष को डिजिटल वोटर लिस्ट क्यों नहीं मिल रही? क्या छिपा रहे हो? CCTV और वीडियो सबूत मिटाए जा रहे हैं- क्यों? किसके कहने पर? फर्जी वोटिंग और वोटर लिस्ट में गड़बड़ी की गई- क्यों? विपक्षी नेताओं को धमकाना, डराना- क्यों? क्या ECI अब BJP का एजेंट बन चुका है?

लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने 'वोट चोरी' के खुलासों के बाद चुनाव आयोग से पांच सवाल पूछे हैं। उन्होंने आयोग से पांच सवालों के जवाब मांगते हुए कहा कि भारत का लोकतंत्र बेशकीमती है, इसकी चोरी का अंजाम बहुत भयानक होगा। अब जनता बोल रही है- बहुत हुआ!
बेंगलुरू में वोट अधिकार रैली के बाद राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा, "चुनाव आयोग, 5 सवाल हैं- देश जवाब चाहता है:
1. विपक्ष को डिजिटल वोटर लिस्ट क्यों नहीं मिल रही? क्या छिपा रहे हो?
2. CCTV और वीडियो सबूत मिटाए जा रहे हैं- क्यों? किसके कहने पर?
3. फर्जी वोटिंग और वोटर लिस्ट में गड़बड़ी की गई- क्यों?
4. विपक्षी नेताओं को धमकाना, डराना- क्यों?
5. साफ-साफ बताओ- क्या ECI अब BJP का एजेंट बन चुका है?
भारत का लोकतंत्र बेशकीमती है- इसकी चोरी का अंजाम बहुत भयानक होगा। अब जनता बोल रही है- बहुत हुआ!
इससे पहले 'वोट अधिकार रैली' में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा, "बीजेपी की विचारधारा भारत के संविधान के खिलाफ है। कांग्रेस का हर नेता और कार्यकर्ता इसकी रक्षा करेगा।" राहुल गांधी ने कहा, "भारत के चुनाव आयोग को हमें पिछले 10 वर्षों की मतदाता सूचियां और वीडियो रिकॉर्डिंग तुरंत देनी चाहिए। कल की प्रेस कॉन्फ्रेंस में हमने 100% साबित कर दिया है कि चुनाव आयोग और बीजेपी ने वोटों की चोरी की है।" राहुल गांधी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी लोकतंत्र की हत्या कर रही है। चुनाव आयोग अगर हमें इलेक्ट्रॉनिक डेटा देगा- हम डंके की चोट पर साबित कर देंगे कि नरेंद्र मोदी वोट चोरी करके प्रधानमंत्री बने हैं।
बेंगलुरु के फ्रीडम पार्क में आयोजित ‘वोट अधिकार रैली’ में राहुल गांधी ने कहा कि संविधान हर नागरिक को वोट देने का अधिकार देता है, लेकिन आज देश की संस्थाओं को कमजोर किया जा रहा है और संविधान के साथ छेड़छाड़ हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले चुनाव में बीजेपी, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके नेताओं ने संविधान पर हमला कियाऔर देश की संस्थाओं को खत्म करने की कोशिश की।
राहुल गांधी ने दावा किया कि कर्नाटक की महादेवपुरा विधानसभा में कुल 6.50 लाख वोट हैं, लेकिन इनमें से लगभग एक लाख वोट चोरी कर लिए गए। उनके अनुसार, यह चोरी पांच अलग-अलग तरीकों से की गई। इनमें डुप्लीकेट वोटिंग शामिल है, यानी एक ही वोटर ने कई बार वोट डाला। कुछ मामलों में एक वोटर ने 5-6 अलग-अलग पोलिंग बूथ पर वोट डाले।
उन्होंने आगे कहा कि लगभग 40 हजार ऐसे वोटर सूची में शामिल थे, जिनका कोई पता दर्ज ही नहीं था। वहीं, एक ही पते पर 40-40 वोटरों के नाम दर्ज पाए गए। राहुल गांधी ने इसे लोकतंत्र के साथ गंभीर धोखाधड़ी करार दिया। राहुल गांधी ने कहा कि कि आपको याद होगाी कर्नाटक की सरकार चोरी की गई थी। पैसा देकर चोरी की गई थी । मैं आपसे 100 फीसदी सबूत के साथ कह रहा हूं कि लोकसभा भी चोरी की गई है। बीजेपी की विचारधारा संविधान के खिलाफ है। लेकिन हर कांग्रेस पार्टी का कार्यकर्ता और नेता संविधान की रक्षा करेगा।