असम में गरजे राहुल गांधी, कहा- राज्य को लूट रहे हैं मोदी-शाह, हिमंता को जेल भेजेंगे कांग्रेस के 'बब्बर शेर'

असम में चुनावी रैली के दौरान राहुल गांधी ने हिमंता बिस्वा सरमा और BJP पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए और कई बड़े चुनावी वादों का जिक्र किया।

फोटो: सोशल मीडिया
i
user

नवजीवन डेस्क

असम में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा और बीजेपी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि असम में भ्रष्टाचार चरम पर है और इसके पीछे शीर्ष नेतृत्व की पूरी जानकारी और सहमति है। राहुल गांधी ने कहा कि आने वाले समय में कानूनी कार्रवाई तय है और कांग्रेस किसी को नहीं छोड़ेगी।

'कानूनी कार्रवाई से कोई नहीं बचेगा'

राहुल गांधी ने अपने संबोधन में कहा कि हिमंता बिस्वा सरमा को यह पता है कि कांग्रेस के “बब्बर शेर” उन्हें जेल तक पहुंचा सकते हैं, इसलिए वे बेचैन हैं। उन्होंने दावा किया कि असम के मुख्यमंत्री पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों की जानकारी नरेंद्र मोदी और अमित शाह को भी है।

राहुल गांधी ने कहा कि “असम को दिल्ली से चलाया जा रहा है” और मुख्यमंत्री बिना शीर्ष नेतृत्व के इशारे के कोई फैसला नहीं लेते। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इस कथित भ्रष्टाचार में मुख्यमंत्री का परिवार भी शामिल है।


'असम को बनाया गया BJP का ATM'

कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि बीजेपी ने असम को “ATM” बना दिया है, जहां जनता की जमीनें छीनकर बड़े उद्योगपतियों को सौंप दी जाती हैं। उन्होंने गौतम अडानी, मुकेश अंबानी और बाबा रामदेव का जिक्र करते हुए कहा कि बदले में पार्टी को भारी आर्थिक लाभ मिलता है।

राहुल गांधी ने कहा कि राज्य में जनता को लूटा जा रहा है और पूंजीपतियों को फायदा पहुंचाया जा रहा है, जिसे अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

वादों को लेकर बीजेपी पर निशाना, नई गारंटी का ऐलान

राहुल गांधी ने बीजेपी पर पिछले चुनावी वादे पूरे न करने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि छह समुदायों को ST स्टेटस देने, गैस सिलेंडर 500 रुपये में देने, 15 लाख रुपये खाते में डालने और चाय बागान मजदूरों को 350 रुपये देने जैसे वादे पूरे नहीं किए गए।

इसके उलट कांग्रेस ने वादा किया है कि 6 समुदायों को ST स्टेटस दिया जाएगा और चाय बागान मजदूरों को 450 रुपये प्रतिदिन मजदूरी दी जाएगी।


'असम की विविधता ही उसकी ताकत'

अपने भाषण में राहुल गांधी ने असम की सांस्कृतिक विविधता की सराहना करते हुए कहा कि यह राज्य “फूलों का गुलदस्ता” है, जहां अलग-अलग धर्म, जाति और विचारधारा के लोग साथ रहते हैं। उन्होंने खास तौर पर गोरखा समुदाय का जिक्र करते हुए उनके योगदान को सराहा और कहा कि हर समुदाय असम की ताकत है।

राहुल गांधी ने दावा किया कि राज्य में बदलाव आने वाला है और कांग्रेस सत्ता में वापसी करेगी।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia