हाथरस जा रहे राहुल गांधी गिरफ्तार, पुलिस ने मारा डंडा, धक्का देकर गिराया, प्रियंका को भी हिरासत में लिया

गिरफ्तारी से पहले राहुल गांधी पर यूपी पुलिस ने लाठी से प्रहार किया और उन्हें धक्का देकर नीचे गिरा दिया, जिसके बाद उनके सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें किसी तरह बचाकर उठाया। राहुल के साथ बदसलूकी का विरोध कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया।

फोटोः सोशल मीडिया
फोटोः सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

उत्तर प्रदेश के हाथरस में गैंगरेप के बाद हैवानियत का शिकार हुई दलित लड़की के परिवार से मिलने जा रहे कांग्रेस नेता राहुल गांधी को रोकने के लिए यूपी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उनके साथ ही कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी को भी हिरासत में ले लिया गया है। राहुल गांधी को पुलिस ने धारा-180 के तहत गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी से पहले राहुल गांधी काफी देर तक पुलिस अधिकारियों से कहते रहे कि वह अकेले पीड़िता के गांव जाएंगे, कोई भी साथ नहीं होगा, लेकिन उसके बावजूद पुलिस ने इसे धारा-144 के आदेश का उल्लंघन बताते हुए गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी से पहले राहुल गांधी के साथ यूपी पुलिस द्वारा दुर्व्यवहार करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने राहुल गांधी पर लाठी से प्रहार किया और उन्हें धक्का देकर नीचे गिरा दिया, जिसके बाद उनकी सुरक्षा में लगे जवानों ने उन्हें किसी तरह बचाकर उठाया। राहुल के साथ पुलिस की बदसलूकी का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक पुलिस अधिकारी उन्हें धक्का देकर गिराता दिख रहा है।

राहुल गांधी ने इस घटना को लेकर मीडिया से बातचीत में कहा कि अभी-अभी पुलिस ने मुझे धक्का दिया, लाठी मारी और मुझे जमीन पर धकेलकर गिरा दिया। मैं पूछना चाहता हूं कि क्या इस देश में सिर्फ मोदी जी को पैदल चलने का अधिकार है, हमारे जैसे आम लोग पैदल नहीं चल सकते। हमारी गाडियां रोकी गईं, इसलिए हम पैदल चल रहे हैं।

वहीं हिरासत में लिए जाने से पहले प्रियंका गांधी ने हाथरस की घटना को लेकर एक बार पिर गुस्से का इजहार किया। उन्होंने इस दौरान यूपी सरकार पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि गुस्सा आता है। मेरी भी 18 साल की बेटी है। हर महिला को गुस्सा चढ़ना चाहिए। हमारे हिंदू धर्म में कहां लिखा है कि अंतिम संस्कार परिवार के बिना हो।

बता दें कि हाथरस गैंगरेप और हत्या मामले में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी पीड़ित परिवार से मिलने बुलगाड़ी गांव के लिए आज सुबह करीब 11.45 बजे दिल्ली से हाथरस के लिए रवाना हुए। राहुल और प्रियंका का आने की सूचना पर यूपी पुलिस के हाथ-पांव फूल गए और आनन-फानन में जिले में धारा-144 लागू कर दी गई। इसके बाद जैसे ही दोनों नेताओं का काफिला ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर पहुंचा, यूपी पुलिस ने काफिले को रोक दिया।

इसके बाद दोनों नेता अपनी गाड़ियों से उतरकर पैदल ही हाथरस के लिए निकल पड़े। उनके साथ हजारों कांग्रेस कार्यकर्ताओं का काफिला भी पैदल ही मार्च करने लगा। जिसके बाद पुलिस दोनों नेताओं को पैदल जाने से भी रोक दिया। इस दौरान हाथरस जाने से रोके जाने का विरोध कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने लाठीचार्ज भी किया। इसी दौरान राहुल गांधी पर लाठी से प्रहार किया गया और उन्हें धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया गया। इसका विरोध करने पर पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia